Viral Video: बुजुर्ग सास की पिटाई का वीडियो देख देशभर से आ रहे फोन, पुलिस से पूछ रहे सवाल
वृद्धा को बेरहमी से पिटते देख लोग पुलिस अधिकारियों को फोन करके कार्रवाई की जानकारी ले रहे हैं। लाेग नर्स को कड़ी सजा दिलाने की मांग अधिकारियों से कर रहे हैं।
सोनीपत [डीपी आर्य]। नर्स के अपनी मां के साथ मिलकर बुजुर्ग सास को बेरहमी से पीटने का वीडियो यू-ट्यूब पर बड़ी संख्या में देखा जा रहा है। इसके साथ ही फेसबुक और वाट्सएप पर भी यह सबसे अधिक देखे जाने वाले वीडियो में शामिल है। वृद्धा को बेरहमी से पिटते देख लोग पुलिस अधिकारियों को फोन करके कार्रवाई की जानकारी ले रहे हैं। लाेग नर्स को कड़ी सजा दिलाने की मांग अधिकारियों से कर रहे हैं। अभी तक उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र, झारखंड और मध्य प्रदेश से फोन कॉल आ रही हैं। सबसे ज्यादा कॉल महिला थाने की एसएचओ और डीएसपी सिटी के पास आ रही हैं।
शहर के सेक्टर-23 में 20 अगस्त को नर्स के अपनी सास को पीटने का वीडियो वायरल हुआ था। इसके चलते एसपी ने जांच के आदेश दिए थे। पुलिस जांच में सामने आया था कि सेक्टर-23 निवासी राममेहर की पत्नी सरोज स्टाफ नर्स है। राममेहर की बुजुर्ग मां 82 वर्षीय व वृद्धा हैं। उसके बावजूद बहू सरोज उनके साथ आए दिन मारपीट करती थी। वह उनसे जबरन काम कराती थी। इसके साथ ही सास को बेरहमी से पीटती थी। वीडियो वायरल होने से लोगों में हड़कंप मच गया था। विभिन्न संगठन आरोपित बहू पर कार्रवाई की मांग कर रैली-प्रदर्शन होने लगे थे। पुलिस ने इस मामले में बहू को जेल भेज दिया था।
लोग लगातार पुलिस को कॉल कर रहे
यह वीडियो अभी भी प्रमुखता से देखा जा रहा है। वीडियो देखने के साथ ही लोग पुलिस को फोन करके कार्रवाई की जानकारी कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के आगरा से आए एक डाॅक्टर ने महिला थाना की एसएचओ से कार्रवाई की जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि कार्रवाई की रिपोर्ट हमको भी उपलब्ध कराई जाए। यदि पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की है तो वह न्यायालय जाएंगे। लोग नेट से सोनीपत के पुलिस अधिकारियों के नंबर सर्च करके लगातार कॉल रहे हैं। अभी तक डेढ़ सौ से ज्यादा काल एसएचओ महिला थाना और डीएसपी सिटी पर आ चुकी हैं। हरियाणा का कोई ऐसा जिला नहीं होगा, जहां से कॉल नहीं आई हो। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान, झारखंड और मध्यप्रदेश से पूछताछ की जा चुकी है।
80 लाख लोग देख चुके वीडियो को
डीएसपी सिटी डॉ. रवींद्र कुमार ने बताया कि करीब 80 लाख लोग इस वीडियो को देख चुके हैं। यह वीडियो मानवीय संवेदनाओं को झकझोरने वाला है। पहले लोग सवाल उठाते हैं, जब उनको पुलिस कार्रवाई की जानकारी होती है तो वह संतोष प्रकट करते हैं। इसके लिए ज्यादातर लोग स्थाई समाधान के लिए सजा का कड़ा प्रावधान करने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने कहा
महिला अधिकारी होने के नाते सबसे ज्यादा काॅल मेरे पास आ रही हैं। मैं उनको पुलिस कार्रवाई की जानकारी देती हूं। कई लोग इसका प्रमाण मांगते हैं तो हम प्रकाशित समाचारों की प्रतियां भेज रहे हैं। लोग पुलिस कार्रवाई की जानकारी होने के बाद ही शांत होते हैं।
प्रमिला सिंह, एसएचओ, महिला थाना।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो