Move to Jagran APP

Sonipat News: वर्षा में बह गईं शहर की सड़कें, गड्ढों में फंस रहे वाहन

Sonipat में तीन दिनों की वर्षा शहर की सड़कें नहीं झेल पाई। शहर की अधिकांश सड़कें पानी के साथ ही बह गईं। वर्षा के बाद शहर की कई सड़कों पर हालत ऐसे हैं कि जैसे सड़क कभी बनाई ही ना गई हो।

By Deepak GijwalEdited By: Published: Sat, 24 Sep 2022 06:07 PM (IST)Updated: Sat, 24 Sep 2022 06:09 PM (IST)
Sonipat News: वर्षा में बह गईं शहर की सड़कें, गड्ढों में फंस रहे वाहन
Sonipat News: वर्षा में बह गईं शहर की सड़कें, गड्ढों में फंस रहे वाहन : जागरण

सोनीपत, जागरण संवाददाता: पिछले तीन दिनों से हो रही वर्षा शहर की सड़कें नहीं झेल पाई। शहर की अधिकांश सड़कें पानी के साथ ही बह गईं। वर्षा के बाद शहर की कई सड़कों पर हालत ऐसे हैं कि जैसे सड़क कभी बनाई ही ना गई हो। सबसे बुरा हाल मास्टिक लेयर वाली सड़कों का हो चुका है।

loksabha election banner

शहर में इस तकनीक से जितनी भी सड़कें बनी हैं, उनकी लेयर टूटकर बिखर चुकी हैं। सड़कों पर लेयर का मलबा एकत्र होने और वर्षा का पानी जमा होने के कारण वाहनों के गुजरने पर गड्ढे भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

स्थिति यह है कि सड़कों पर बने गड्ढों में कई बार बड़े-छोटे वाहन फंस जा रहे हैं और यातायात अवरुद्ध हो जाता है। गड्ढों में फंसने से दोपहिया व तिपहिया वाहनों के साथ-साथ कार भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं। इन सबके बावजूद अधिकारियों का एक ही जवाब है कि वर्षा खत्म होने के बाद सड़कों की मरम्मत करा दी जाएगी।

शहर के पाश इलाकों में पलट रहे वाहन

शहर का पाश इलाका सेक्टर-14 और उसके आसपास की सड़कों की हालत इस कदर खराब हो चुकी है कि बीच रोड पर वाहन गड्ढों में फंस रहे हैं। यहां सीवर लाइन डालने के कारण सड़क को खोदा गया था। शुक्रवार को वर्षा के दौरान सेक्टर मार्केट की मुख्य सड़क पर एक के बाद एक तीन वाहन फंस गए। वर्षा के दौरान सड़क और उसके गड्ढों का पता ही नहीं चल पाता। कई जगह वाहन पलटते पलटते बचे। स्थिति ऐसी बन गई कि शनिवार सुबह कुछ स्थानीय लोगों ने सड़क के बीच बने गड्ढों में बरगद, पीपल जैसे पौधे रोपित कर दिए, ताकि लोगों को गड्ढों का पता चल सके।

गीता भवन चौक

गीता भवन चौक से गोहाना फ्लाईओवर को जाने वाली सड़क टूट गई है। इस पर गोहाना से सोनीपत आने वाले वाहन आते हैं। इसके साथ ही गुड़मंडी की ओर भी वाहन जाते हैं। टूटी सड़कों कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रहा है, जिसके कारण गोहाना रोड फ्लाईओवर तक पर जाम लग जाता है। यहां पुलिस को व्यवस्था बनाने में मशक्कत करनी पड़ती है।

रेलवे रोड से गीता भवन

शहर के रेलवे रोड से गीता भवन चौक तक सड़क कई जगह टूटी है। सड़क पर बने ये गड्ढे वाहन चालकों का ध्यान भटकाते है। ऐसे में हादसों का अंदेशा रहता है। नगर निगम कार्यालय के आसपास की कई जगह सड़क जर्जर है। यहां निगम ने वर्षा के मौसम से पहले पैचवर्क तक नहीं कराया।

मुरथल रोड से सब्जी मंडी

शहर के अंदरूनी हिस्सों के साथ ही गांवों को शहर से जोड़ने वाली सड़कों की स्थिति खराब है। शहर के मुरथल अड्डा से लेकर कामी रोड स्थित सब्जी मंडी तक कई जगह गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं। वहीं, ऐसे ही हालात मुरथल जीटी रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर भी हैं। सारंग रोड : सारंग रोड से रेलवे स्टेशन के बीच वर्षा के कारण कई जगह से सड़क उखड़ी है। जलभराव के दौरान ये गड्ढे दिखाई नहीं देते। ऐसे में वाहनों को संतुलन बिगड़ता है।

गढ़ी ब्राह्मणान से गोहाना रोड

शहर के गढ़ी ब्राह्मणान से गोहाना रोड की ओर जाने वाली सड़क को कई महीने पहले उखाड़ा गया था। अब वर्षा के मौसम में यहां फैली मिट्टी कीचड़ में तब्दील होकर फिसलन पैदा कर रही है। इससे दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं।

गांवों के संपर्क मार्ग भी टूट कर बिखरे

शहरी क्षेत्र में जगह-जगह सड़क उखड़ी पड़ी है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र के मार्गों का सहज की अंदाजा लगाया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों के संपर्क मार्गों पर सफर कष्टदायक हो रहा है। सोनीपत से गन्नौर रोड के निर्माण का कार्य ऐसे समय पर हुआ है जब मानसून चरम पर है। ऐसे में वहां खोदे जा रहे गड्ढे लोगों के लिए जानलेवा हो सकते है। वहीं, कामी-गन्नौर रोड, जाहरी, सांदल सहित आसपास के रोड के हालात भी खराब है।

वर्षा से शहर से लेकर गांव तक प्रभावित

शनिवार को भी दिनभर जिले में बूंदाबांदी होती रही। पानी निकासी अवरूद्ध होने से शहर के निचले क्षेत्र और सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई जगह घरों और दुकानों में भी भर गया है। वार्ड पार्षदों ने नगर निगम अधिकारियों को इस बारे में अवगत भी कराया है।

हालांकि पार्षदों का कहना है कि निगम अधिकारियों ने इस पर जवाब तक नहीं दिया। निगम के आफिशियल वाट्सएप ग्रुप में इस बात को रखा गया था। उसके बाद फोन भी किए गए, लेकिन ज्यादातर अधिकारियों के फोन ही स्विच आफ मिले। अधिकारियों ने शहर को रामभरोसे छोड़ दिया। वर्षा के कारण धान की फसल भी प्रभावित हो रही है।

कृषि विशेषज्ञ डा. देवेंद्र कुहाड़ का कहना है कि इन दिनों धान की अगेती फसल पककर तैयार है। वहीं, जिले के किसान सब्जी की खेती भी करते हैं। किसानों को खेतों में भरे वर्षा के अतिरिक्त पानी की निकासी करने की व्यवस्था करनी चाहिए। कृषि विज्ञान केंद्र सोनीपत के मौसम विज्ञानी डा. प्रेमदीप ने बताया कि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार रविवार तक वर्षा होने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद मौसम साफ होने की उम्मीद है।

इनका कहना है

वर्षा के मौसम में जलभराव से तारकोल की पकड़ कमजोर होती है। ऐसे में सड़क टूट रही है। जल्द ही ऐसी सड़कों का सर्वे करवाया जाएगा जहां मरम्मत की जरूरत है। सड़कों के बनने की अवधि की भी जांच की जाएगी। यदि निर्माण सामग्री सड़क टूटने की वजह होगी तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -अशोक रावत, एसई, नगर निगम


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.