Sonipat Crime News : शक के चलते पत्नी की गला दबाकर हत्या, मेरठ गंगनहर में फेंका शव
मयूर विहार निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपित ने हत्या के बाद पत्नी का शव मेरठ ले जाकर गंगनहर में फेंक दिया। गांव जौली की रहने वाली बबीता ने कोर्ट काम्लेक्स चौकी पुलिस को शिकायती पत्र दिया है।
सोनीपत [डीपी आर्य ]। दिल्ली से सटे सोनीपत शहर के मयूर विहार में रहने वाले एक युवक ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपित ने हत्या के बाद पत्नी का शव मेरठ ले जाकर गंगनहर में फेंक दिया। उसकी शादी दो साल पहले हुई थी। वह पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इससे घर में अक्सर लड़ाई-झगड़ा रहता था। महिला की बहन ने 28 अगस्त को बहन-बहनोई और उनके बच्चे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपित युवक बाइक के पीछे लगने वाली ट्राली में पत्नी के शव को डालकर ले जाता दिख रहा है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
क्षेत्र के गांव जौली की रहने वाली बबीता ने कोर्ट काम्लेक्स चौकी पुलिस को बताया था कि उसकी बहन ललिता व बहनोई बलराज अपने डेढ़ साल के बच्चे तनिष्क के साथ मयूर विहार में रह रहे थे। बलराज और ललिता की शादी दो साल पहले हुई थी। वह 28 अगस्त के बाद से लापता हैं। उनके मोबाइल नंबर बंद आ रहे हैं। उसने तीनों को बंधक बनाने का आरोप लगाया था। इसमें पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए कोर्ट काम्पलेक्स चौकी पुलिस ने शुक्रवार देर रात बलराज को तलाश कर लिया। पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने पत्नी की गला दबाकर हत्या करने की बात कबूल कर ली।
उसने पुलिस को बताया कि उसे पत्नी के चरित्र पर संदेह था। जिसके चलते अक्सर उनके साथ झगड़ा रहता था। 27 अगस्त की रात को फिर से झगड़ा हुआ तो उसने पत्नी ललिता (35) की गला दबाकर हत्या कर दी थी। उसके बाद वह उसके शव को अपनी बाइक-ट्राली में डालकर मेरठ ले गया और वहां गंग नहर में फेंक दिया। बाद में उसने अपने बेटे तनिष्क को अपनी चचेरी बहन के पास गांव पांची में छोड़ दिया। उसने बहन को बताया था कि उसकी पत्नी की तबियत खराब है। ऐसे में वह बेटे की देखभाल नहीं कर पा रही है। उसने अपने बेटे को उसके पास छोड़ दिया था। इसके साथ ही अपना व ललिता का मोबाइल बंद कर लिया था। पुलिस अब आरोपित को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि पूरा मामला साफ हो सके। पुलिस आरोपित की निशानदेही पर गंगनहर से शव बरामद कराने की कोशिश करेगी।