सोनीपत, जागरण संवाददाता। सदर थाना क्षेत्र के हरसाना गांव में प्लाट के विवाद में गोली लगने से घायल युवक की शनिवार रात को मौत हो गई। उनकी दिल्ली के मैक्स हास्पिटल में उपचार चल रहा था। लीवर में गोली लगने से उनकी हालत लगाातर गंभीर बनी हुई थी। अस्पताल में आपरेशन करके गोली निकाल दी गई थी, लेकिन अभी बोलने की स्थिति में नहीं थे। उनके भाई को भी सिर पर डंडों के वार करके घायल कर दिया गया था।
जानलेवा हमला करने की धाराओं में केस दर्ज
वहीं दूसरे पक्ष का एक युवक भी घायल हुआ था। पुलिस ने जानलेवा हमला करने की धाराओं में अभियोग दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी। अब पुलिस पोस्टमार्टम के बाद जानलेवा हमले के मामले को हत्या की धारा में परिवर्तित कर देगी।
हरसाना कला के रहने वाले प्रवीण कुमार ने 19 नवंबर को सदर थाना पुलिस को बताया था कि उनके प्लाट से होकर खेत में पशु पहुंच जाते हैं। वह फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। इसके चलते उन्होंने अपने प्लाट पर कटीले तार लगाए थे। वह शनिवार शाम को प्लाट पर पहुंचे उनकी कटीले तारों की बाड़ हटा दी गई थी।
वह उसको दोबारा से ठीक करने लगे। कुछ देर बाद उनका भाई जयकिशन भी पहुंच गया था। इसी दौरान पड़ोसी नरेश गालियां देता हुआ वहां पर पहुंच गया। उसके साथ में नरेश कुमार के परिवार के विनोद, दिनेश और विनोद व नरेश की पत्नी पहुंच गईं। वहां पर नरेश ने जयकिशन को गाली मार दी।
वहीं विनोद ने प्रवीण कुमार के सिर पर डंडे से वार कर दिया था।पुलिस ने शिकायत के आधार पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। घायल जयकिशन को दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
एसएचओ थाना सदर इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि हरसाना गांव में 19 नवंबर को एक व्यक्ति को प्लाट के विवाद में गोली मार दी गई थी। शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।
शनिवार रात को दिल्ली के मैक्स अस्पताल से मैसेज प्राप्त हुआ है। जिसमें घायल जयकिशन की मौत होने की जानकारी दी गई है। पुलिस टीम पोस्टमार्टम कराने दिल्ली जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद मामले को हत्या में परिवर्तित कर दिया जाएगा।