चीनी मिल में मरम्मत कार्य शुरू, खर्च होंगे 3.79 करोड़ रुपये
चौ. देवी लाल सहकारी चीनी मिल में पेराई सत्र 2021-22 की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं
संवाद सहयोगी, गोहाना: गांव आहुलाना स्थित चौ. देवी लाल सहकारी चीनी मिल में 2021-22 के पेराई सत्र की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। तैयारियों में मिल की मशीनों और अन्य जगहों की मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है ताकि नए सीजन की गन्ना पेराई समय पर शुरू की जा सके।
मिल के दायरे में करीब 111 गांव आते हैं। 111 गांव के किसान मिल में गन्ना डालने के लिए आते हैं। मिल के दायरे में करीब 21 हजार एकड़ में गन्ने की फसल उगा रखी है। पिछले सीजन की अपेक्षा इस बार क्षेत्र में करीब 3,500 एकड़ में ज्यादा गन्ना है। इसके मद्देनजर मिल में मरम्मत कार्य तेजी से किया जाएगा। ताकि किसानों को गन्ना डालने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। मिल के डिप्टी चीफ इंजीनियर अनिल चौहान ने बताया कि उच्च अधिकारी के निर्देश पर मिल में मरम्मत कार्य तेजी से पूरा किया जाएगा। 2021-22 के पेराई सत्र में ज्यादा गन्ना बांड होने की उम्मीद है। मिल में छोटी-बड़ी बहुत मशीनें लगी हुई हैं। सभी मशीनों की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि पेराई सत्र में मिल को बिना ब्रेकडाउन के चलाया जा सके। जो मशीन मरम्मत योग्य लगती है। उन मशीनों का मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है। मिल के मरम्मत कार्य पर करीब 3 करोड 79 लाख रुपये खर्च होंगे। 2021-22 के पेराई सत्र नवंबर माह में शुरू किया जाएगा। इसी की तैयारियों को लेकर अधिकारी और कर्मचारी काम में जुटे हुए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को मिल का मरम्मत कार्य तेजी से करने के निर्देश दिए गए हैं। मरम्मत कार्य पर करीब 3 करोड़ 79 लाख रुपये खर्च होंगे।
-आशीष वशिष्ठ, एमडी, चौ. देवीलाल सहकारी चीनी मिल, आहुलाना