सोनीपत-सांपला मार्ग पर नाला निर्माण बना गले की फांस, खरखौदा में बसों के पीछे भागने को मजबूर यात्री
खरखौदा के शिव चौक पर नाले की खोदाई के कारण बस स्टैंड में बसों की आवाजाही बंद हो गई है, ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
शिव चौक पर नाले की खोदाई से बस स्टैंड में आवाजाही बंद।
यात्रियों को बस पकड़ने के लिए सड़क पर भागना पड़ रहा।
नगर पालिका ने वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की, यात्री भुगत रहे खामियाजा।
संवाद सहयोगी, खरखौदा(सोनीपत)। सोनीपत के खरखौदा के शिव चौक पर नाले की खोदाई के लिए की गई कार्रवाई की अदूरदर्शिता अब यात्रियों पर भारी पड़ रही है। बस स्टैंड में बसों की आवाजाही बंद होने के कारण यात्रियों को बस पकड़ने के लिए इधर-उधर भागदौड़ करनी पड़ रही है।
रोहतक की तरफ जाने वाली बसों के यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोई शिव चौक पर बस का इंतजार करता है तो कोई बस स्टैंड के पीछे वाले गेट पर खड़ा होकर बस आने की राह देखता है।
दरअसल, शहर में शिव चौक के पास सोनीपत-सांपला मार्ग को काटकर वर्षा के पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन दबाई जा रही है। इसके चलते बसों का बस स्टैंड के अंदर जाना बंद हो गया है। यात्रियों के लिए परेशानी यह है कि बसों के रुकने का कोई निश्चित स्थान नहीं रह गया है।
सैकड़ों यात्री भुगत रहे खामियाजा
बसें सड़क पर ही रुक रही हैं और यात्री उन्हें देखकर पीछे भागते हुए सवार होने को मजबूर हैं। बस स्टैंड में पीछे की तरफ से भी बसों की आवाजाही के लिए रास्ता बनाया गया है, लेकिन इस रास्ते का इस्तेमाल भी फिलहाल नहीं हो पा रहा है। नाले की सफाई के दौरान यहां रखे गए स्लैब टूट गए थे।
नगर पालिका की ओर से इन्हें दोबारा नहीं बनाया गया, जिससे बसों के लिए पीछे से भी बस स्टैंड के अंदर जाने का रास्ता बंद हो गया है। ऐसे में नाले की खोदाई शुरू करने से पहले नगर पालिका की ओर से यात्रियों और बसों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।
इसका खामियाजा रोजाना सैकड़ों यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि निर्माण कार्य जरूरी है, लेकिन काम शुरू करने से पहले बसों के आवागमन और यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए थी।
