विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जजपा का बड़ा एलान: 25 पैसे के बदले PM मोदी को 25 रुपये भेजेंगे किसान

Published: Sat, 17 Oct 2026 06:34 PM (IST)

जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रामक तेवर दिखाते हुए बड़े आंदोलनात्मक फैसलों का ऐलान किया है।

जजपा की बैठक में बड़ा फैसला। जागरण

जजपा की बैठक में बड़ा फैसला। जागरण

HighLights

  1. जजपा ने भाजपा सरकार के खिलाफ बड़े आंदोलनात्मक फैसलों का ऐलान किया।

  2. गेहूं एमएसपी वृद्धि विरोध में पीएम को 25 रुपये के डीडी भेजेंगे।

  3. 21 अक्टूबर को सभी जिलों में डीसी के माध्यम से पीएम को ज्ञापन।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने मुरथल स्थित होटल में आयोजित राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रामक तेवर दिखाते हुए बड़े आंदोलनात्मक फैसलों का ऐलान किया है।

पार्टी प्रमुख डॉ. अजय सिंह चौटाला और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की अगुवाई में हुई इस बैठक में तय किया गया कि 21 अक्टूबर को प्रदेश के सभी 23 जिलों में डीसी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। पार्टी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत धड़ाधड़ काटे जा रहे वोटों और मतदाताओं के अधिकारों के हनन पर कड़ा रोष जताया।

25-25 रुपये के डीडी क्यों?

इसके अलावा, केंद्र सरकार द्वारा गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में केवल 25 पैसे की मामूली बढ़ोतरी के विरोध स्वरूप प्रधानमंत्री को 25-25 रुपये के डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) भेजने का अनोखा निर्णय लिया गया है। नेताओं ने कहा कि यह किसानों के साथ भयंकर मजाक है और सरकार का घमंड चूर-चूर करने का वक्त आ गया है।

अहीरवाल में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

चुनावी और सांगठनिक रणनीतियों को धार देते हुए जजपा ने अपना नौवां स्थापना दिवस 6 दिसंबर को महेंद्रगढ़ जिले में भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया है। अहीरवाल क्षेत्र में होने वाले इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए सोनीपत बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों और प्रकोष्ठ अध्यक्षों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

बैठक में बूथ और हलका स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला, पूर्व विधायक राजदीप फोगाट और अमरजीत ढांडा ने एसआइआर प्रक्रिया, प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था तथा किसानों की फसल खरीद व भुगतान में हो रही देरी जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार को जमकर घेरा।

पुलिस वाहन के नंबर प्लेट पर उठाए सवाल

दुष्यंत चौटाला ने सड़क से गुजर रहे पुलिस के एक वाहन की नंबर प्लेट पर सवाल उठाते हुए अपने एक्स हैंडल से पोस्ट डाली है, जिसमें उन्होंने नंबर प्लेट पर लिखे अस्थायी नंबर पर पुलिस व सरकार पर निशाना साधा है। प्लेट पर लिखे नंबर को फरवरी 2034 तक इंगित किया गया है, जो पूरी तरह से अवैध है। उन्होंने मुख्यमंत्री को टैग करते हुए लिखा कि ऐसी नंबर प्लेट पुलिस के वाहन की कैसे हो सकती है।

यह भी पढ़ें- हरियाणा में देवीलाल परिवार में राजनीतिक जंग जारी, चौथी पीढ़ी ने दिखाए तेवर; बात तलवार और तोप-गोलों तक पहुंची