विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आइटीआइ बुटाना के 1200 पूर्व छात्र 10 दिन में लें अपने प्रमाण-पत्र वरना जाएंगे निदेशालय

Published: Tue, 06 Oct 2026 04:10 PM (IST)

गोहाना के राजकीय आइटीआइ बुटाना में 1992 से अब तक के करीब 1200 पूर्व छात्रों के प्रमाण-पत्र और मार्कशीटें अभी ...और पढ़ें

आइटीआइ बुटाना के 1200 पूर्व छात्र 10 दिन में लें अपने प्रमाण-पत्र वरना जाएंगे निदेशालय ( एआई इमेज जेनरेटेड )

आइटीआइ बुटाना के 1200 पूर्व छात्र 10 दिन में लें अपने प्रमाण-पत्र वरना जाएंगे निदेशालय ( एआई इमेज जेनरेटेड )

HighLights

  1. 1200 पूर्व छात्रों के प्रमाण-पत्र आइटीआइ बुटाना में लंबित।

  2. संस्थान ने छात्रों को प्रमाण-पत्र लेने के लिए 10 दिन दिए।

  3. निर्धारित अवधि के बाद दस्तावेज़ पंचकूला निदेशालय भेजे जाएंगे।

जागरण संवाददाता, गोहाना। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आइटीआइ) बुटाना से पढ़ाई पूरी करके जा चुके काफी पूर्व छात्र अपनी मार्कशीट और प्रमाण पत्र ही लेने नहीं पहुंचे।

वर्ष 1992 से अब तक विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण लेने वाले लगभग 1,200 पूर्व विद्यार्थियों की मार्कशीट और प्रमाण-पत्र अभी भी संस्थान में रखे हुए हैं। संस्थान की तरफ से कई बार विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र लेने के लिए सूचित किया जा चुका है।

डाक से भेजे रहे प्रमाणपत्र : प्राचार्य खोखर

प्राचार्य अजय खोखर ने बताया कि संस्थान के अभिलेख में जिन विद्यार्थियों के पते उपलब्ध थे, उनकी मार्कशीट और प्रमाण-पत्र डाक के माध्यम से भेजे गए थे। इनमें से कुछ प्रमाण-पत्र गलत या अधूरे पते के कारण वापस संस्थान में वापस आ गए।

वहीं, कई विद्यार्थी ऐसे हैं, जिन्होंने संस्थान में पहुंचकर अपने प्रमाण-पत्र प्राप्त नहीं किए। अब संस्थान प्रबंधन ने सभी पूर्व विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र लेने के लिए 10 दिन का समय दिया है।

बचे मार्कशीट कौशल भवन भेजे जाएंगे : प्राचार्य खोखर

प्राचार्य ने कहा कि निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद बचे हुए सभी मार्कशीट और प्रमाण-पत्र पंचकूला स्थित निदेशालय कौशल भवन भेज दिए जाएंगे।

इसके बाद संबंधित पूर्व विद्यार्थियों को अपने प्रमाण-पत्र निदेशालय से ही प्राप्त करने होंगे। संस्थान स्तर पर ये प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं होंगे।