हरियाणा में अब किन महिलाओं को कब से मिलेंगे 2100 रुपये? दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना में बड़ा बदलाव
हरियाणा सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की वार्षिक आय सीमा बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये कर दी है। इससे सितंबर ...और पढ़ें

हरियाणा सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना में किया बदलाव। फोटो: आर्काइव
HighLights
योजना की वार्षिक आय सीमा 1.80 लाख रुपये हुई
सितंबर से 2100 रुपये प्रतिमाह सीधे खाते में मिलेंगे
महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाएगी यह योजना
जागरण संवाददाता, सोनीपत। हरियाणा सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाने की घोषणा की है। अब 1.80 लाख रुपये तक की वार्षिक पारिवारिक आय वाले परिवारों की पात्र महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा।
सितंबर से हर महीने 2100 रुपये की राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में जमा की जाएगी। आय सीमा बढ़ने के बाद पहले की तुलना में करीब तीन गुना अधिक महिलाओं के योजना से जुड़ने की उम्मीद है।
अब किन महिलाओं को मिलेगा 2100 रुपये का लाभ?
योजना के तहत जिन परिवारों की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक है, उनकी पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। राशि सीधे बैंक खाते में पहुंचाई जाएगी, जिससे महिलाओं को अपने खर्च के लिए किसी और पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
योजना के शुरुआती चरण में जिले में करीब 17 हजार महिलाएं पात्र पाई गई थीं। इन महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
बच्चों की पढ़ाई से लेकर राशन तक में कर सकेंगी मदद
सरकार की इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना है। बैंक खाते में सीधे आने वाली राशि से महिलाएं बच्चों की पढ़ाई, घर के राशन, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा कर सकेंगी।
इसके साथ ही नियमित रूप से मिलने वाली राशि से महिलाओं में बचत करने और अपना बैंक बैलेंस बनाने की आदत को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
महिलाओं को नहीं मांगने पड़ेंगे बार-बार पैसे
बनवासा निवासी वीरमति ने कहा कि आय सीमा बढ़ने से गांव की कई और महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा। सरकार से मिलने वाली राशि से वे अपनी छोटी-छोटी जरूरतें स्वयं पूरी कर सकेंगी और इसके लिए बार-बार किसी से पैसे मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
आय सीमा बढ़ने से ज्यादा महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा, यह हमारे लिए बड़ी राहत होगी। मिलने वाली राशि से घर के जरूरी खर्च पूरे करने में मदद मिलेगी। बच्चों की पढ़ाई, राशन और अन्य जरूरतों पर यह पैसा खर्च कर सकेंगे। सरकार का यह कदम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगा।
-अनीता, मंडोरा
महिलाओं के खाते में आने वाली यह राशि हमारे लिए सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि अपने परिवार के लिए कुछ करने का अवसर है। इससे घर के छोटे-छोटे खर्च पूरे करने में सहूलियत होगी। बच्चों की जरूरतों और घरेलू सामान पर पैसा खर्च करूंगी। आय सीमा बढ़ने से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिलना खुशी की बात है।
-गुड्डी, खरखौदा
सरकार ने आय सीमा बढ़ाकर काफी ऐसे परिवारों को राहत दी है, जिनकी वार्षिक आय एक लाख से अधिक है। जो भी पैसे मिलेंगे अपने बच्चों की जरूरतों पर खर्च करूंगी। अगर कुछ पैसे बचे तो उनको जमा भी करूंगी।
-रीना, ईशापुर खेड़ी
इस बात की खुशी है कि सरकार ने आय की सीमा बढ़ाई है। इससे हमारे गांव की ही काफी महिलाओं को फायदा होगा। सरकार से जो पैसे मिलेंगे, उससे छोटी-छोटी जरूरत स्वयं पूरी कर सकेंगी और बार-बार पैसे मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
-वीरमति, बनवासा
यह भी पढ़ें- लड़का होगा या लड़की... जांचकर बताने के लेते थे 1 लाख रुपये; सोनीपत में डॉक्टर समेत 3 गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- 'रपट रोजनामचा ही जमीन पर कब्जा मानने के लिए पर्याप्त', सोनीपत भूमि अधिग्रहण पर हाई कोर्ट का बड़ा फैसला
