समर कैंप में बच्चों को सिखाई गई गुरुवाणी
जागरण संवाददाता सोनीपत गुरुमत प्रचार सुखमणी सेवा समिति महिला विग की ओर से सेक्टर-15 के
जागरण संवाददाता, सोनीपत :
गुरुमत प्रचार सुखमणी सेवा समिति महिला विग की ओर से सेक्टर-15 के गुरुद्वारा साहिब में बच्चों के लिए समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। कैंप में बच्चों को गुरुवाणी की जानकारी देने के साथ ही पंजाबी लिखना, पढ़ना और बोलना सिखाया जा रहा है। इस कैंप में बच्चों को स्वस्थ रहने के लिए खानपान और व्यायाम का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कैंप में 85 बच्चे शामिल हैं।
स्कूलों का अवकाश पड़ने पर हर साल गुरुद्वारों में समर कैंप का आयोजन किया जाता है। इसको देशभर के गुरुद्वारा साहिब में लगाया जाता है। समर कैंप में बच्चों को धर्म के सेवा व भक्ति के मार्ग पर चलने के लिए तैयार किया जाता है। गुरुमत प्रचार सुखमणी सेवा सोसायटी की महिला विग की ओर से इस कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप किडी संगत आर्गेनाइजेशन के सहयोग से लगाया गया है।इसमें बच्चों को सिख गुरुओं की सखियां और पेंटिग सिखाई जा रही हैं। बच्चों को सिख गुरुओं के बारे में जानकारी देने के साथ ही गुरुवाणी भी सिखाई जा रही है। जिन बच्चों को पंजाबी नहीं आती है, उनको पंजाबी लिखना, पढ़ना और बोलना भी सिखाया जा रहा है।गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के प्रवक्ता सरदार परमजीत सिंह ने बताया कि कैंप में 100 से ज्यादा बच्चे भाग ले रहे हैं। बच्चों को बेहतर जीवन शैली के बारे में बताया जाता है। इस कार्यक्रम के दौरान सोसाइटी की सदस्य जस्मीन कौर, कंवलप्रीत कौर, इक्विदर कौर, हरप्रीत कौर और गुरविदर कौर आदि व्यवस्था संभाल रही हैं।