गोहाना में बनेगा ब्रह्मकुमारी चौक, नगर परिषद खरीदेगी डीवाटरिंग पंप और ट्रैक्टर-ट्रॉली
गोहाना में ब्रह्मकुमारी चौक का निर्माण होगा, जिसका उद्देश्य समाज को आध्यात्मिक रूप से जागृत करना है। नगर परिषद जलभराव ...और पढ़ें

रजनी विरमानी, अध्यक्ष, नगर परिषद, गोहाना
HighLights
गोहाना में ब्रह्मकुमारी चौक का निर्माण जल्द शुरू होगा।
जलभराव से निपटने को डीवाटरिंग पंप खरीदेगी नगर परिषद।
सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली भी खरीदी जाएगी।
जागरण संवाददाता, गोहाना। शहर में ब्रह्मकुमारी चौक बनाया जाएगा। नगर परिषद (नप) की तरफ से गजराज अस्पताल के निकट चौक के लिए जगह निर्धारित की गई है, जहां पर निर्माण कराया जाएगा।
ब्रह्मकुमारीज मिशन से जुड़े समर्थकों की मांग पर यह पहल की जा रही है। चौक निर्माण का उद्देश्य समाज को आध्यात्मिक व नैतिक रूप से जागृत करना रहेगा।
दूसरी तरफ नप ने चार माह पहले चौ. देवीलाल स्टेडियम के निकट पंचनद स्मारक का निर्माण शुरू कराया था, जिसका कुछ लोगों ने विरोध कर दिया था, जिसके चलते काम अटका हुआ है।
विरोध करने वाले लोगों की इस स्मारक को जींद या पानीपत रोड पर बनाने की मांग है। नप अब इसका भी समाधान निकालेगी।
जलभराव से निपटने को खरीदेंगे डीवाटरिंग पंप
नगर परिषद ने शहर में जनसुविधाओं से जुड़े संसाधन खरीदने की प्रक्रिया भी शुरू की है। वर्षा के दौरान सबसे ज्यादा जरूरत पड़ने वाला डीवाटरिंग पंप खरीदा जाएगा।
शहर में सड़कों पर पानी भरने या नालों के ओवरफ्लो होने की स्थिति में नप को फिलहाल किराये पर डीवाटरिंग वाहन लेना पड़ता है। कई बार समय पर वाहन उपलब्ध नहीं होने से जल निकासी में देरी होती है। ऐसे में नप अपना डीवाटरिंग पंप खरीदेगी।
नालों से सिल्ट निकालने के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके साथ में नप द्वारा सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ट्रैक्टर-ट्राली भी खरीदा जाएगा।
सफाई कर्मियों की हड़ताल के दौरान नप के पास संसाधनों की कमी अखरी थी। इससे सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए नप संसाधनों को बढ़ाएगी।
चौक बनाने और संसाधन खरीदने पर लगभग 40 लाख रुपये खर्च होंगे। तीनों कामों के लिए टेंडर लगाए गए हैं। जल्द वाहन खरीदे जाएंगे और चौक का काम शुरू कराया जाएगा।
रजनी विरमानी
-, अध्यक्ष,नगर परिषद, गोहाना
