गोहाना-जींद मार्ग बनेगा फोरलेन , 183 करोड़ रुपये होंगे खर्च
गोहाना-जींद राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन (चारमार्गी) बनेगा। इस मार्ग को ग्रीन मार्ग के रूप में तैयार किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, गोहाना (सोनीपत) : गोहाना-जींद राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन बनेगा। इस मार्ग को ग्रीन मार्ग के रूप में तैयार किया जाएगा। करीब 183 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस मार्ग का शिलान्यास बुधवार को सांसद रमेश कौशिक ने गोहाना में किया। सांसद ने बताया कि यह मार्ग रिकार्ड छह महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। यह मार्ग तैयार होने पर गोहाना-जींद के बीच यातायात सुगम हो सकेगा और क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी।
सांसद रमेश कौशिक ने शहर में नई अनाज मंडी के सामने नारियल फोड़कर गोहाना-जींद मार्ग के फोरलेन के काम का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में विकास की योजनाएं पहुंचाने के लिए सबसे पहले वहां सड़क व रेल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना होता है। भाजपा सरकार सोनीपत व गोहाना क्षेत्र में सड़क व रेल परियोजनाओं पर बहुत अधिक ध्यान दे रही है। सांसद ने कहा कि गन्नौर के बड़ी गांव में नई रेल कोच फैक्ट्री का काम जल्द चालू हो जाएगा, जिसके निर्माण के लिए 488 करोड़ रुपये पहली किस्त में मंजूर हो चुके हैं। सांसद ने कहा कि हरिद्वार जाने वाली ट्रेन का जल्दी गोहाना में ठहराव होने लगेगा। इसके लिए रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और अन्य आला रेल अधिकारियों से बातचीत हो चुकी है। उनके अनुसार गोहाना-जुलाना मार्ग के चौड़ीकरण का काम भी शीघ्र प्रारंभ करवा दिया जाएगा।
इस मौके पर एसडीएम आशीष वशिष्ठ, भाजपा के जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मबीर नांदल, नप चेयरपर्सन रजनी विरमानी, गुलशन विरमानी, पूर्व विधायक रामफल चिड़ाना, परमवीर सैनी, बलराम कौशिक, सूरजमल छपरा, भानुप्रकाश शर्मा, इंद्रजीत विरमानी, विनोद राजौरा, समेर चहल आदि मौजूद रहे।