विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाहन मालिक ध्यान दें! RC में मोबाइल नंबर अपडेट करना जरूरी, तभी बनेगा PUCC

Published: Tue, 29 Sep 2026 08:41 PM (IST)

परिवहन विभाग की नई व्यवस्था के तहत अब वाहन की आरसी में मोबाइल नंबर दर्ज न होने पर प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसीसी) नहीं बन पाएगा।

पॉल्यूशन चेक कराता बाइक सवार।

पॉल्यूशन चेक कराता बाइक सवार।

HighLights

  1. आरसी में मोबाइल नंबर दर्ज न होने पर पीयूसीसी नहीं बनेगा।

  2. परिवहन विभाग ने ऑटो-अप्रूवल और आधार ई-केवाईसी व्यवस्था लागू की।

  3. वाहन मालिकों को पीयूसीसी से पहले आरसी में नंबर अपडेट कराना होगा।

जागरण संवाददाता, गोहाना। वाहन की आरसी में मोबाइल नंबर दर्ज नहीं है तो अब प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसीसी) नहीं बन पाएगा। परिवहन विभाग की तरफ से पिछले दिनों लागू की गई आटो-अप्रूवल और आधार ई-केवाईसी व्यवस्था के तहत प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र जारी करने से पहले वाहन की आरसी और आधार कार्ड का ऑनलाइन मिलान शुरू कर दिया गया है।

इसके बाद वाहन मालिक के मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाता है। ओटीपी सत्यापन के बाद ही प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र जारी होगा।

इस व्यवस्था का सबसे ज्यादा असर उन वाहन मालिकों पर पड़ रहा है, जिन्होंने सात-आठ वर्ष या इससे अधिक समय पहले वाहन खरीदे थे। उस समय आरसी में मोबाइल नंबर दर्ज कराने की व्यवस्था अनिवार्य नहीं थी।

...और आगे नहीं बढ़ पाती ऑनलाइन प्रक्रिया

ऐसे काफी वाहनों की आरसी में मोबाइल नंबर दर्ज नहीं होने के कारण वाहन मालिक जब प्रदूषण जांच केंद्र पर पहुंचते हैं तो ऑनलाइन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाती। नई व्यवस्था में वाहन मालिक को पहले से यह जानकारी नहीं होती कि उसकी आरसी में मोबाइल नंबर दर्ज है या नहीं। ऐसे में कई लोग वाहन लेकर प्रदूषण जांच केंद्र पहुंचते हैं।

दस्तावेज और आधार का ऑनलाइन सत्यापन करते समय जब आरसी में मोबाइल नंबर दर्ज नहीं मिलता तो उन्हें वापस लौटना पड़ता है। इसके बाद आरसी में मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन करना पड़ रहा है। कार्यालय में प्रति कार्यदिवस में तीन-चार लोग आवेदन करने पहुंच रहे हैं।

गलत तरीके से डेटा बदलने पर लगेगी रोक

परिवहन विभाग ने यह व्यवस्था वाहन संबंधी रिकार्ड को ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए लागू की है। आधार ई-केवाईसी और ओटीपी सत्यापन के कारण किसी दूसरे व्यक्ति के वाहन का डेटा गलत तरीके से बदलना मुश्किल होगा। साथ ही चोरी या नंबर प्लेट बदले जाने वाले वाहनों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनके नाम पर प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र बनवाने जैसी गड़बड़ी पर भी रोक लगेगी।

प्रदूषण जांच केंद्र पर जाने से पहले नंबर कराएं अपडेट

जिसके पास वाहन पुराना है और आरसी में मोबाइल नंबर दर्ज नहीं है तो वह प्रदूषण जांच केंद्र पर जाने से पहले आरसी में मोबाइल नंबर अपडेट कराए। इसके लिए जिस भी कार्यालय से आरसी जारी हुई है, वहां पहुंचकर आवेदन करें। आवेदन करते समय वाहन की आरसी, आधार कार्ड की फोटो प्रति लगाते हुए मोबाइल नंबर बताएं। इससे प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र बनवाने के लिए चक्कर लगाने की परेशानी से बचा जा सकेगा।

उपमंडलीय परिसर स्थित सरल केंद्र में आवेदन करने के लिए खिड़की निर्धारित की गई है। यहां पर आरसी, आधार कार्ड की फोटो प्रति देकर मोबाइल नंबर अपडेट कराया जा सकता है। वाहन मालिक वही मोबाइल नंबर दें, जो आधार कार्ड में दर्ज है।
-अंकित कुमार, एसडीएम, गोहाना