विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोहाना: खुद को FCI इंस्पेक्टर बताकर पुजारी और महिला से 21 हजार की ठगी, सस्ते सिलेंडर का दिया था झांसा

Published: Thu, 24 Sep 2026 05:21 PM (IST)

गोहाना के मेन बाजार में एक व्यक्ति ने खुद को एफसीआई इंस्पेक्टर बताकर पुजारी और एक महिला से सस्ते गैस ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. खुद को एफसीआई इंस्पेक्टर बताकर ठगी की।

  2. पुजारी और महिला से 21 हजार रुपये ठगे।

  3. सस्ते गैस सिलेंडर का झांसा देकर फरार हुआ।

जागरण संवाददाता, गोहाना। शहर के मेन बाजार में एक व्यक्ति ने खुद को एफसीआई का इंस्पेक्टर बताकर पुजारी और एक महिला को सस्ते दाम पर गैस सिलिंडर देने का झांसा देकर 21 हजार रुपये ठग लिए।

आरोपित दोनों को सिलिंडर देने के बहाने सेक्टर-7 के मोड़ पर ले गया और वहां कुछ देर में सिलेंडर लेकर आने की बात कहकर चला गया। इसके बाद वापस नहीं लौटा। मामले में पुजारी की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मेन बाजार के दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बाबा नागा शिव मंदिर में पुजारी हैं। 21 सितंबर को एक व्यक्ति मंदिर में आया और खुद को एफसीआई का इंस्पेक्टर बताया। उसने कहा कि उसके पास गैस सिलिंडर हैं, जिन्हें वह सस्ते दाम पर उपलब्ध करा सकता है। उसकी बातों में आकर दीपक ने उसे 17 हजार रुपये दे दिए।

इसी तरह गीता रानी ने भी आरोपित को चार हजार रुपये दे दिए। दीपक के अनुसार रुपये लेने के बाद आरोपित दोनों को गैस सिलिंडर देने के लिए सेक्टर-7 के मोड़ पर ले गया। वहां उन्हें खड़ा कर वह सिलिंडर लेकर आने की बात कहकर चला गया।

काफी देर इंतजार करने के बाद भी वह वापस नहीं आया। इसके बाद दोनों को ठगी का पता चला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

घर में घुसकर मारपीट, तीन पर केस दर्ज

गोहाना के लाठ गांव में एक घर में घुसकर दो लोगों के साथ मारपीट की गई। ग्रामीण ने गाड़ी सवार तीन लोगों पर आरोप लगाते हुए सदर थाना में शिकायत दी। खानपुर कलां गांव के सोनू ने पुलिस को बताया कि वह 18 सितंबर को शाम करीब छह बजे लाठ गांव के अपने जानकार अजय के घर गया था।

उसी समय वहां रौनक, सौरभ व दीपांशु गाड़ी में आए और अजय के घर में आकर उन दोनों के साथ मारपीट की। इस पर अजय के परिवार के लोगों ने उन दोनों को आरोपितों से छुड़वाया। इसके बाद वे अपनी गाड़ी लेकर वहां से चले गए। शिकायत पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।