गोहाना में 6.97 करोड़ की तीन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, जल निकासी होगी बेहतर
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने गोहाना में 6.97 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई तीन परियोजनाओं का लोकार्पण किया।

डॉ. अरविंद शर्मा।
HighLights
डॉ. अरविंद शर्मा ने गोहाना में तीन परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
6.97 करोड़ की लागत से जल निकासी व बुनियादी ढांचे में सुधार।
भूमिगत पाइपलाइन, पुलिया और वर्कशॉप पुनर्निर्माण कार्य शामिल।
जागरण संवाददाता, गाेहाना। शनिवार को सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने गोहाना में 6.97 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई तीन परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
इनमें श्रीराम तालाब से ड्रेन तीन तक भूमिगत पाइपलाइन, सात स्थानों पर ड्रेन पर पुलिया का निर्माण और सिंचाई विभाग के मैकेनिकल स्टोर एवं इलेक्ट्रिक डीजल वर्कशाप के पुनर्निर्माण का कार्य शामिल है। इन कार्यों से जल निकासी व्यवस्था के साथ विभागीय बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि श्रीराम तालाब से ड्रेन तक पाइपलाइन बिछाने से आबादी क्षेत्र से पानी की निकासी होगी और जलभराव से राहत मिलेगी। वजीरपुर-खंदराई ड्रेन पर जगह-जगह सात पुलिया बनाई गई हैं। इससे पानी के प्रवाह में बाधा कम होगी और ड्रेन की जल निकासी क्षमता बेहतर होगी।
खेतों में आने-जाने में होगी सुविधा
ग्रामीणों को खेतों में आने-जाने में सुविधा होगी। मैकेनिकल स्टोर एवं इलेक्ट्रिक डीजल वर्कशाप का निर्माण होने से विभागीय मशीनरी व अन्य संसाधनों के रखरखाव और कार्य व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
डॉ. शर्मा ने कहा कि गोहाना के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में क्षेत्र के लिए स्वीकृत करीब 700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता न करने और निर्धारित समय में कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। मंत्री ने सिंचाई विभाग के परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस मौके पर भाजपा नेता नरेंद्र गहलावत, सुमित कक्कड़, एक्सईएन गुलशन कुमार, एसडीओ अक्षय, सुजीत रहे।
