विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोहाना नागरिक अस्पताल में बनेगा छह बेड का डायलिसिस सेंटर, किडनी मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

Published: Sat, 17 Oct 2026 07:05 PM (IST)

गोहाना के नागरिक अस्पताल में जल्द ही छह बेड का डायलिसिस सेंटर स्थापित किया जाएगा। इससे किडनी के मरीजों को ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. नागरिक अस्पताल गोहाना में छह बेड का डायलिसिस सेंटर बनेगा।

  2. किडनी मरीजों को मुफ्त उपचार मिलेगा, दूसरे शहरों नहीं जाना होगा।

  3. हैदराबाद की एजेंसी नेफ्रो प्लस सेंटर स्थापित करेगी।

जागरण संवाददाता, गोहाना (सोनीपत)। गोहाना में किडनी की बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। निकट भविष्य में डायलिसिस कराने के लिए उन्हें दूसरे दूर सरकारी नहीं जाना पड़ेगा और निजी अस्पतालों पर भी निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

शहर में बरोदा रोड स्थित नागरिक अस्पताल में छह बेड का डायलिसिस सेंटर बनाया जाएगा। इसके लिए अस्पताल के प्रथम तल पर जगह चिन्हित की गई है। हैदराबाद की एजेंसी नेफ्रो प्लस सेंटर तैयार करेगी। यहां डायलिसिस की सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को निश्शुल्क उपचार मिल सकेगा।

शहर में नागरिक अस्पताल और निजी अस्पतालों में डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में किडनी के मरीजों को डायलिसिस करवाने के लिए रोहतक, पानीपत और सोनीपत जाना पड़ता है। इसके साथ मरीज भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भी जाते हैं।

इन मरीजों के लिए बढ़ जाती है परेशानी

नियमित डायलिसिस की जरूरत वाले मरीजों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा न होने से परेशानी बढ़ जाती है। उन्हें उपचार के लिए बार-बार दूसरे शहर जाना पड़ता है। आने-जाने में समय और पैसे खर्च होने के साथ मरीजों और उनके स्वजन को शारीरिक परेशानी भी उठानी पड़ती है।

निजी अस्पतालों में डायलिसिस करवाना भी कई परिवारों के लिए महंगा साबित होता है। नागरिक अस्पताल में निश्शुल्क सुविधा शुरू होने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।

सर्वे पूरा, एजेंसी करेगी डॉक्टरों और स्टाफ की नियुक्ति

नागरिक अस्पताल में डायलिसिस सेंटर शुरू करने के लिए एजेंसी सर्वे पूरा कर चुकी है। सेंटर में छह बेड लगाए जाएंगे। डायलिसिस के लिए आवश्यक मशीनें लगाने के साथ दूसरी व्यवस्थाएं भी की जाएंगी। मरीजों का उपचार करने के लिए प्रशिक्षित डाक्टरों और स्टाफ की नियुक्ति भी एजेंसी की तरफ से की जाएगी।

निजी अस्पताल में एक बार डायलिसिस कराने पर 1,500 से लेकर 4,000 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैँ। गंभीर मरीजों को सप्ताह में दो से तीन बार डायलिसिस कराना पड़ता है।

मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल में जल्द डायलिसिस सेंटर शुरू कराया जाएगा। इसके लिए सर्वे किया जा चुका है। औपचारिकताएं पूरी होते ही सेंटर शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
डॉ. दिनेश छिल्लर, एसएमओ, नागरिक अस्पताल गोहाना