विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PWD का एक्शन प्लान: गन्नौर में 45 KM लंबी 23 सड़कों का होगा कायाकल्प, जल्द शुरू होगा काम

Published: Wed, 16 Sep 2026 06:48 PM (IST)

गन्नौर ब्लॉक में लोक निर्माण विभाग ने 23 सड़कों के पुनर्निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। इन 45 ...और पढ़ें

गढ़ी गुलामा और मोई-रहमाना समेत 23 सड़कों के जल्द बदलेंगे दिन। तस्वीर एआई जनरेटेड

गढ़ी गुलामा और मोई-रहमाना समेत 23 सड़कों के जल्द बदलेंगे दिन। तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. गन्नौर ब्लॉक में 23 सड़कों का पुनर्निर्माण होगा।

  2. कुल 45 किलोमीटर से अधिक सड़कों का कायाकल्प।

  3. परियोजना पर लगभग 39.11 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

संवाद सहयोगी, गन्नौर। गन्नौर ब्लाक के गांवों में लंबे समय से खराब पड़ी सड़कों के जल्द दिन बदलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग ने 23 सड़कों के पुनर्निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है।

इन मार्गों की कुल लंबाई 45 किलोमीटर से अधिक है और इनके निर्माण पर करीब 39.11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अब मुख्यालय से अलाटमेंट मिलने के बाद निर्माण एजेंसी को काम शुरू कराया जाएगा।

इन सड़कों की हालत लंबे समय से ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। कई मार्गों पर जगह-जगह गड्ढे और सड़क उखड़ी होने से वाहन चालकों को परेशानी होती है।

ग्रामीणों को स्कूल, कालेज, बाजार और शहर तक आने-जाने में दिक्कत उठानी पड़ती है। बारिश के दौरान सड़कों पर पानी भरने से समस्या और बढ़ जाती है।

विधायक ने बताया कौन से रोड हैं शामिल?

विधायक देवेंद्र कादियान ने बताया कि प्रोजेक्ट में गन्नौर देवीलाल चौक से गढ़ी गुलामा तक 7.75 किलोमीटर और मोई से रहमाना तक 5.85 किलोमीटर लंबा मार्ग शामिल है।

इसके अलावा जीटी रोड से घसौली वाया बेगा-दातौली, दातौली-चिरस्मी, जाहरी-कुराड़ इब्राहिमपुर, पांची जाटान-उद्देशीपुर और आहुलाना-सरदाना समेत 23 सड़कें शामिल हैं।

इनसे दातौली, चिरस्मी, घसौली, बेगा, जाहरी, पांची जाटान, उद्देशीपुर, आहुलाना, सरदाना, शेखपुरा, अहीर माजरा, राजलू गढ़ी, पांची गुजरान, ललहेड़ी, बजाना कलां और मोई समेत आसपास के गांवों को लाभ मिलेगा।