विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गन्नौर में बिना अनुमति फॉगिंग पर नपा का एक्शन, दो पार्षदों समेत तीन को नोटिस

Published: Wed, 30 Sep 2026 08:05 PM (IST)

गन्नौर नगरपालिका ने बिना अनुमति फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव के मामले में दो पार्षदों सहित तीन लोगों को कारण बताओ ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. गन्नौर नपा ने बिना अनुमति फॉगिंग पर तीन को नोटिस दिया।

  2. दो पार्षद और एक पूर्व पार्षद नोटिस पाने वालों में शामिल।

  3. तीन दिन में स्पष्टीकरण न देने पर कार्रवाई की चेतावनी।

संवाद सहयोगी, गन्नौर(सोनीपत)। नगरपालिका गन्नौर ने बिना अनुमति फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव करने के मामले में दो पार्षदों सहित तीन लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें वार्ड 8 के पार्षद विकास, वार्ड 6 के अजय सरोहा और भाजपा युवा मोर्चा के जिला सचिव एवं पूर्व पार्षद अंकित मल्होत्रा शामिल हैं।

नोटिस के अनुसार नगरपालिका के संज्ञान में आया कि सार्वजनिक और रिहायशी क्षेत्रों में बिना सक्षम अधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति, लाइसेंस या तकनीकी पर्यवेक्षण के निजी स्तर पर फॉगिंग मशीन का प्रयोग किया जा रहा था।

नगरपालिका ने अज्ञात रासायनिक कीटनाशकों के छिड़काव को स्वास्थ्य के लिए खतरा बताते हुए तीनों को तत्काल प्रभाव से सार्वजनिक फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव बंद करने के निर्देश दिए हैं।

साथ ही तीनों को तीन कार्य दिवस के अंदर कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। जवाब नहीं देने पर नियमानुसार कार्रवाई, फॉगिंग मशीन जब्त करने और प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है।

नियमानुसार करवाई जा रही है फॉगिंग

अंकित मल्होत्रा ने कहा कि वार्ड पार्षदों ने नगर पालिका से लिखित में फॉगिंग कराने की मांग की थी, लेकिन नगर पालिका की मशीन खराब होने के कारण फॉगिंग नहीं हो पा रही थी। इसके बाद उन्होंने अपने निजी खर्चे से फॉगिंग मशीन खरीदकर पार्षदों को उपलब्ध कराई। उन्होंने बताया कि फॉगिंग से पहले पार्षदों ने नगर पालिका सचिव को इसकी जानकारी दी थी।

साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी लिखित सूचना दी गई थी। स्वास्थ्य विभाग ने फॉगिंग में प्रयोग होने वाली दवा और उसके प्रयोग की जानकारी दी थी। इसके बाद ही वार्डों में फॉगिंग कराई गई। उन्होंने कहा कि लोगों के हित में ऐसे कार्य करने से वह आगे भी पीछे नहीं हटेंगे।