प्रेम प्रसंग में युवक की चाकू घोंपकर हत्या
मंगलवार की रात शादी समारोह से लौटते समय गन्नौर रेलवे ओवरब्रिज के फुटपाथ पर एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इस दौरान एक हमलावर भी चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि किसी लड़की के चक्कर में झगड़ा हुआ था।
संवाद सहयोगी, गन्नौर : मंगलवार की रात शादी समारोह से लौटते समय गन्नौर रेलवे ओवरब्रिज के फुटपाथ पर एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इस दौरान एक हमलावर भी चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि किसी लड़की के चक्कर में झगड़ा हुआ था। पुलिस ने तीन हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक और हमलावर दोनों पर कई-कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार गांधी नगर का रहने वाला 24 वर्षीय साहिल मंगलवार रात एक शादी समारोह से वापिस लौट रहा था। गांव गुमड़ के रहने वाले अजीत, गांधी नगर के रहने वाले तुषार व दीपक ने साहिल पर हमला कर दिया। अजीत ने साहिल पर चाकू से छह वार किए, जबकि तुषार व दीपक ने भी ईंट से उस पर हमला किया। झगड़े के दौरान अजीत भी चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अजीत को उसके साथियों ने सोनीपत के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से उसे रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया। इसके बाद तुषार व दीपक फरार हो गए। सूचना के बाद डीएसपी जोगेंद्र राठी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल विशेषज्ञों को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने साहिल के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया। पहले भी हो चुका था झगड़ा
साहिल के पिता सतबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि साहिल का पहले भी अजीत के साथ झगड़ा हुआ था, इसके बाद अजीत ने साहिल को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने साहिल के पिता की शिकायत पर अजीत, तुषार व दीपक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। एक ही लड़की से प्यार करते थे दोनों
गन्नौर थाना प्रभारी वजीर सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि साहिल का एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग था। अजीत भी उस लड़की को पसंद करता था। अजीत ने कई बार साहिल को लड़की से दूर रहने को कहा, लेकिन साहिल नहीं माना। इस बात को लेकर उनका पहले भी झगड़ा हुआ था। अजीत ने तुषार व दीपक के साथ मिलकर मंगलवार रात ओवरब्रिज के पास साहिल को अकेला देखकर उसपर चाकू से हमला कर दिया। इसी दौरान तुषार व दीपक ने ईंटों से साहिल के सिर पर वार किए, जिससे साहिल बेहोश होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। एक दिन पहले ही बहन का रिश्ता हुआ था पक्का
मृतक साहिल का एक छोटा भाई व तीन बहनें हैं। इनमें से एक बहन शादीशुदा है। जबकि दूसरी बहन की शादी का रिश्ता मंगलवार को ही पक्का हुआ था। साहिल ने 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की थी, जिसके बाद वह घर पर ही रहता था। इस बीच साहिल ने राजलूगढ़ी स्थित एक सूअर फार्म पर भी नौकरी की थी। साहिल के पिता सतबीर ने बताया कि मंगलवार को वह अपनी बेटी की शादी का रिश्ता पक्का कर घर वापिस लौटे थे। इसके बाद साहिल घर से निकला था और बुधवार की सुबह उन्हें घटना की जानकारी मिली। साहिल व अजीत दोनों का रहा है आपराधिक रिकार्ड
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस रिकार्ड के अनुसार साहिल व अजीत दोनों का आपराधिक रिकार्ड रहा है। साहिल पर थाना गन्नौर में चार मामले दर्ज हैं। साहिल पर एक एनडीपीएस एक्ट व अवैध हथियार रखने के आरोप में तीन मामले दर्ज थे। अजीत पर भी गन्नौर, सांपला, राई व सिटी थाना सोनीपत थाना में मारपीट, हत्या का प्रयास, आर्म एक्ट सहित अन्य आरोपों में सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।