सनकी प्रेमी ने की किशोरी की सरेराह चाकू से गोदकर हत्या
सनकी प्रेम ने शुक्रवार को सरेराह फव्वारा चौक के निकट एक किशोरी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। सनकी ने 16 वर्षीय किशोरी पर चाकू से छह बार वार किए और फरार हो गया।
जागरण संवाददाता, गोहाना: सनकी प्रेम ने शुक्रवार को सरेराह फव्वारा चौक के निकट एक किशोरी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। सनकी ने 16 वर्षीय किशोरी पर चाकू से छह बार वार किए और फरार हो गया। वह किशोरी के परिजनों को उनके बच्चों को मारने की धमकी देकर उसे पांच माह से अपने साथ रख रहा था। किशोरी की मां की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने हत्या व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। शाम को एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण करके सबूत जुटाए।
शहर निवासी आरोपित हन्नी करीब सात माह पहले किशोरी को बहला-फुसलाकर घर से भगा ले गया था। परिजनों ने पुलिस को शिकायत की थी और किशोरी के वापस आने पर दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया था। किशोरी करीब एक माह तक घर रही। करीब पांच माह पहले हन्नी दोबारा किशोरी के घर पहुंचा और उसे अपने साथ ले गया। तब हन्नी ने किशोरी के परिजनों को धमकी दी थी कि अगर उन्होंने पुलिस कार्रवाई की तो उनके बच्चों को मार देगा। किशोरी पांच माह से हन्नी के साथ थी। किशोरी ने मोबाइल पर परिजनों से बातचीत तक बताया कि हन्नी व उसके परिजन उसे मारपीट करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। शुक्रवार सुबह किशोरी किसी तरह से अपने घर पहुंच गई। दोपहर करीब एक बजे वह अपनी मां के साथ हन्नी के खिलाफ शहर थाना में शिकायत देने जा रही थी। बीच रास्ते में हन्नी चाकू और एक सुआं लेकर दौड़ता हुआ आया। हन्नी ने किशोरी पर चाकू से छह वार किए और मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सहायता से किशोरी को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचते ही उसे मृत घोषित कर दिया गया। शहर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाए। मृतक किशोरी की मां की शिकायत पर हन्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित किशोरी के परिजनों को डरा कर उसने किशोरी को अपने साथ रखे हुए था। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-निर्मल सिंह, प्रभारी, शहर थाना बहादुरगढ़ में प्राइवेट नौकरी करता था आरोपित
हन्नी बहादुरगढ़ में एक प्राइवेट नौकरी करता था। वह किशोरी को वहीं पर अपने साथ रखता था। लॉकडाउन में काम बंद होने के बाद हन्नी किशोरी को लेकर अपने घर आकर रहने लगा। शुक्रवार सुबह किशोरी मौका पाकर अपने घर पहुंच गई। हन्नी भी पीछे-पीछे जा पहुंचा और झगड़ा करके वापस अपने घर चला गया। किशोरी अपनी मां के साथ पुलिस को शिकायत देने के लिए घर से निकली तो हन्नी को इसकी भनक लग गई। इसके बाद वह चाकू व सुआं लेकर आया और रास्ते में किशोरी पर चाकू से वार किए। हन्नी ने किशोरी के पेट, छाती और हाथों पर चाकू के दो-दो वार किए और फरार हो गया।