घी व्यापारी को गोली मारने के चार आरोपित गिरफ्तार
- घी व्यापारी पुनीत मदान को 16 अक्टूबर को दुकान में घुसकर गोली मार कर दिया था घायल - प
- घी व्यापारी पुनीत मदान को 16 अक्टूबर को दुकान में घुसकर गोली मार कर दिया था घायल
- पुलिस चारों आरोपितों को आज करेगी अदालत में पेश
संवाद सहयोगी, गन्नौर : शहर के रेलवे रोड पर 16 अक्टूबर की रात घी व्यापारी से लूटपाट का प्रयास करने व विरोध करने पर गोली मारने के मामले में सीआईए-2 व गन्नौर पुलिस ने चार आरोपियों को काबू किया है। गिरफ्तार आरोपी मूलरूप से गाव कुमासपुर फिलहाल खेड़ी रोड गन्नौर निवासी दीपक, मूलरूप से चिरस्मी फिलहाल रोहतक निवासी संदीप, समसपुर गामड़ा निवासी अभिषेक व कैलाना निवासी अमित है। पुलिस आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमाड पर लेगी।
विदित रहे कि 16 अक्टूबर को देर रात रेलवे रोड पर स्थित घी व्यापारी पुनीत मदान की दुकान पर तीन युवक आए थे। उन्होंने व्यापारी से नकदी से भरा थैला छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर हमलावर ने पुनीत को गोली मार दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर पैदल ही फरार हो गए थे। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। दुकानदार पुनीत मदान सोनीपत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था।
व्यापारी पर हमला कर लूट का प्रयास करने का मामला काफी चर्चित हो गया था। इसे लेकर व्यापारियों ने रोष प्रदर्शन कर शहर को बंद करने की चेतावनी भी दे डाली थी। अब मामले में सीआईए-2 प्रभारी अजय धनखड़ व गन्नौर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह की टीमों ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को काबू किया है। गिरफ्तार आरोपी दीपक, संदीप, अभिषेक व अमित है। पुलिस आरोपियों को रिमाड पर लेकर पूछताछ करेगी। जलेबी बेचने वाले ने बनाई थी लूट की योजना
मामले में गिरफ्तार दीपक ने पुलिस को बताया कि उसने ही पूरे मामले की साजिश अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी। दीपक ने बताया कि वह जलेबी की रेहड़ी लगाता था। उसे पता था कि पुनीत मदान का रोज लाखों का लेनदेन होता है। उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी।