सोनीपत खेल यूनिवर्सिटी निर्माण में देरी पर सीएम सख्त, दिसंबर तक काम शुरू करने के निर्देश
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोनीपत की खेल यूनिवर्सिटी में 250 करोड़ के फंड के बावजूद निर्माण कार्य शुरू न ...और पढ़ें

सीएम नायब सैनी।
HighLights
सीएम सैनी ने निर्माण कार्य में देरी पर कड़ी नाराजगी जताई।
खेल विभाग को दिसंबर तक टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का आदेश।
पहले चरण में अकादमिक भवन और इनडोर स्टेडियम का निर्माण होगा।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। प्रदेश की पहली खेल यूनिवर्सिटी में आधारभूत ढांचा विकसित करने के लिए 250 करोड़ रुपये का फंड जारी होने के बाद भी टेंडर व निर्माण कार्य शुरू न होने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कड़ी नाराजगी जताई है।
उन्होंने 24 सितंबर को चंडीगढ़ में हुई बैठक में अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि खेल विभाग ही अब इसका टेंडर कराएगा। उन्होंने आदेश देते हुए कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिसंबर तक हर हाल में निर्माण कार्य शुरू हो जाना चाहिए।
पिछले साल दिसंबर मेंं फंड जारी होने के बाद अब टेंडर तक नहीं हो पाया है। पहले चरण में अकादमिक व प्रशासनिक भवन और इनडोर स्टेडियम का काम शुरू कराया जाएगा।
राई स्थित हरियाणा खेलकूद विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार ने बताया कि जल्द ही आधारभूत ढांचा की कमी से निजात मिलने जा रही है। विश्वविद्यालय परिसर में पहले चरण में 250 करोड़ रुपये से अकादमिक एवं प्रशासनिक भवन और एक हजार दर्शकों की क्षमता वाला भव्य आडिटोरियम बनाया जाएगा।
विद्यार्थियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
इसके साथ विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट कक्षाएं, खिलाड़ियों के लिए तीन नए छात्रावास तथा अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन भी तैयार किए जाएंगे। विश्वविद्यालय परिसर को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना है।
वीसी अशोक कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 24 सितंबर को हुई बैठक में खेल विभाग के अधिकारियों तीन माह में निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करवाने को कहा है।
विश्वविद्यालय के मौजूदा ढांचे में सबसे बड़ी समस्या खिलाड़ियों और विद्यार्थियों के आवास की है। पहले चरण की योजना में लड़कों के दो व लड़कियों और खिलाड़ियों के लिए एक-एक हास्टल शामिल हैं।
अकादमिक एवं प्रशासनिक ढांचे के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन बनाने की भी योजना है। आधारभूत ढांचा न होने से कुलपति, रजिस्ट्रार और अन्य अधिकारियों के कार्यालय शूटिंग रेंज के भवन में चल रहे हैं।
