विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत: बहालगढ़ फ्लाईओवर पर कार को धक्का लगाते जीजा-साले को कैंटर ने कुचला, दो की मौत

Published: Wed, 14 Oct 2026 04:08 PM (IST)

सोनीपत के बहालगढ़ फ्लाईओवर के पास नेशनल हाईवे-44 पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई।

बहालगढ़ फ्लाईओवर पर कार को धक्का लगाते जीजा-साले को कैंटर ने कुचला ( फोटो स्रोत : जागरण )

बहालगढ़ फ्लाईओवर पर कार को धक्का लगाते जीजा-साले को कैंटर ने कुचला ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. बहालगढ़ फ्लाईओवर पर कार खराब होने से भीषण हादसा।

  2. धक्का लगाते जीजा-साले को तेज रफ्तार कैंटर ने कुचला।

  3. हादसे में विशाल और प्रतीक कुमार की दर्दनाक मौत।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। नेशनल हाईवे-44 पर बहालगढ़ फ्लाईओवर के पास देर रात हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई।

वह मुरथल में परिवार के साथ परांठे खाने आए थे। इस दौरान वापस लौटते समय कार के खराब होने के कारण नीचे उतरकर धक्का लगा रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे के बाद पुलिस मौके पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बेहद भयावह रही टक्कर

दिल्ली के बवाना स्थित अस्थल कॉलोनी के रहने वाले विकास ने बताया कि वह अपने छोटे भाई विशाल, साले प्रतीक कुमार और अपने तीन मासूम बच्चों के साथ मंगलवार देर रात मुरथल में ढाबे पर परांठे खाने गए थे।

रात करीब 12 बजे जब वह खाना खाकर वापस दिल्ली लौट रहे थे, तभी पानीपत-दिल्ली मार्ग पर बहालगढ़ फ्लाईओवर के पास उनकी कार खराब हो गई।

इसके बाद विशाल और प्रतीक नीचे उतरे। विकास ड्राइवर की सीट पर बैठकर गाड़ी को स्टार्ट करने की जद्दोजहद कर रहा था, जबकि दोनों युवक कार को धक्का दे रहे थे।

कुछ दूर धक्का देने के बाद जब वे दोनों आगे आने लगे, तभी पीछे से तेज रफ्तार कैंटर ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों हवा में कई फीट उछलकर सड़क के डिवाइडर के पास जा गिरे।

चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

हादसे से कार में बैठे विकास और बच्चे बुरी तरह सहम गए और चीख-पुकार मच गई। कैंटर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर अपने वाहन समेत भाग गया। वाहन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि कोई उसका नंबर तक नहीं देख पाया।

इसके बाद हिम्मत जुटाकर एक राहगीर की मदद से एंबुलेंस का इंतजाम किया गया और दोनों घायलों को तुरंत सोनीपत के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने विशाल और प्रतीक को मृत घोषित कर दिया।

दो घरों के चिराग बुझे, दोनों परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़इस हादसे ने दो परिवारों को ताउम्र का दर्द दे दिया है। मृतक विशाल चार भाइयों और तीन बहनों में छठे नंबर पर था।

वहीं, प्रतीक कुमार के परिवार में उसके पीछे दो भाई और दो बहनें हैं। दोनों की अचानक मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


पुलिस ने अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच के लिए फ्लाईओवर के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपित चालक की पहचान करके उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।- एएसआइ सुरजीत, जांच अधिकारी, बहालगढ़ थाना