विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा: इंस्टाग्राम पर 'हाय-हेलो' भेजने पर बवाल, टाउन पार्क में बुलाकर तीन युवकों को डंडों से पीटा

Published: Sat, 29 Aug 2026 03:12 PM (IST)

सिरसा के टाउन पार्क में इंस्टाग्राम पर 'हाय-हेलो' मैसेज भेजने को लेकर तीन युवकों पर जानलेवा हमला किया गया।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. इंस्टाग्राम पर 'हाय-हेलो' मैसेज भेजने को लेकर हमला।

  2. सिरसा के टाउन पार्क में तीन युवक गंभीर घायल।

  3. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू।

जागरण संवाददाता, सिरसा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के टाउन पार्क में इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजने को लेकर तीन युवकों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। हमले में तीनों युवक घायल हो गए। पुलिस ने ढाबां गांव निवासी पंकज कुमार की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित पंकज ने पुलिस को बताया कि वह खैरेकां स्थित आइटीआइ में पढ़ाई करता है। 26 अगस्त की शाम करीब सात बजे गांव निवासी समीर ने उसे टाउन पार्क में बातचीत करने के लिए बुलाया था।

वह अपने साथी कुलदीप और अमृतपाल के साथ पार्क पहुंचा। आरोप है कि वहां समीर, दादा रावण और 8-10 अन्य युवक पहले से मौजूद थे। उनके हाथों में कापा, डंडे और बिंडे थे।

चेहरे पर किया हमला

आरोप है कि समीर ने कापा से पंकज के चेहरे पर वार किया, जबकि दादा रावण और अन्य युवकों ने उसके साथियों पर डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में पंकज के चेहरे, कमर और कंधे और कुलदीप व अमृतपाल के सिर, हाथ, कमर और टांगों पर चोटें लगीं। शोर सुनकर पार्क में मौजूद अन्य लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।

पंकज को गंभीर चोटें आईँ

पंकज को गंभीर चोटों के चलते अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका उपचार हुआ। पंकज के अनुसार कुछ दिन पहले उसने इंस्टाग्राम पर किसी को हाय-हेलो का मैसेज किया था। समीर का आरोप था कि उक्त मैसेज उसकी साली को भेजा गया है। इसी बात को लेकर रंजिश में हमला करने का आरोप लगाया गया है।