सिरसा में पहले मां फिर ढाई साल की बेटी की भी मौत, भाई का आरोप- 'दहेज के लिए षड्यंत्र रचकर जिंदा जलाया'
सिरसा के शक्करमंदोरी गांव में कमरे में आग लगने से एक विवाहिता और उसकी ढाई वर्षीय बेटी की मौत हो ...और पढ़ें
-1789982319669_m.webp)
शक्करमंदोरी अग्निकांड में मां-बेटी दोनों की मौत।
HighLights
विवाहिता कविता और ढाई वर्षीय बेटी सानवी की आग से मौत
दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप में ससुरालियों पर केस
पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की
जागरण संवाददाता, सिरसा। नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव शक्करमंदोरी में रविवार को कमरे में आग लगने से विवाहिता कविता की मौत के बाद सोमवार को हिसार के निजी अस्पताल में उपचाराधीन ढाई वर्षीय बच्ची सानवी की भी मौत हो गई। बच्ची 50 प्रतिशत झुलस गई थी जिसे रविवार को गंभीर हालत में हिसार रेफर किया गया था।
मामले में हिसार के गांव लालवास निवासी मृतका के भाई सतीश की शिकायत पर पुलिस ने कविता के पति संदीप, सास शांति, ससुर ओमप्रकाश और ननंद ज्योति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और षड्यंत्र के तहत उसे जलाकर मारा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका विवाहित व बच्ची के शव का सोमवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
घर में अकेली थी मां-बेटी, कमरे से उठने लगा धुआं
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब ढाई बजे कविता अपनी ढाई वर्षीय बेटी सानवी के साथ घर पर थी। उसका पति संदीप अपने माता-पिता के साथ खेत में गया हुआ था।
इसी दौरान पड़ोसियों ने घर से धुआं निकलता देखा और मां-बेटी के चिल्लाने की आवाज सुनी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो घर का मुख्य गेट बंद था और अंदर एक कमरे में आग लगी हुई थी।
ग्रामीणों ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाई। आग बुझने तक कविता गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची सानवी भी करीब 50 प्रतिशत झुलस गई।
कमरे का सामान जलकर राख, आग के कारणों की जांच
ग्रामीणों के अनुसार आग में कमरे में रखा सोफा, चारपाई और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। हालांकि कमरे में सिलिंडर अथवा अन्य कोई ज्वलनशील पदार्थ होने की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों और घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
भाई ने दहेज प्रताड़ना और षड्यंत्र का लगाया आरोप
मृतका के भाई सतीश ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसकी बहन को ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। शिकायत में पति, सास, ससुर और ननंद पर षड्यंत्र के तहत कविता को जलाकर मारने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए जाने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करने में जुटी है।
यह भी पढ़ें- महाभारत युद्ध में जीत के बाद पांडवों ने हरियाणा के 'पांडू पिंडारा' में किया था कौरवों का पिंडदान, पढ़ें इतिहास
