सिरसा की जेल में कैदियों को मिलेगी कम्प्यूटर और लाइब्रेरी की सुविधा, प्रतियोगी परीक्षाओं की भी कर सकेंगे तैयारी
सिरसा जिला जेल में बंदियों के लिए जल्द ही लाइब्रेरी और कंप्यूटर लैब की सुविधा शुरू की जाएगी। यह पहल ...और पढ़ें

सिरसा की जेल में कैदियों को मिलेगी कम्प्यूटर और लाइब्रेरी की सुविधा (फाइल फोटो)
HighLights
जिला जेल में लाइब्रेरी और कंप्यूटर लैब की शुरुआत
बंदियों को शिक्षा, ज्ञान और आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाएगा
पुनर्वास और आत्मनिर्भरता के लिए कौशल विकास पर जोर
जागरण संवाददाता, सिरसा। जिला जेल में बंद बंदियों को शिक्षा, ज्ञान और आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से जल्द ही लाइब्रेरी और कंप्यूटर लैब की सुविधा की शुरूआत की जाएगी। इस पहल के लिए समाजसेवी पंकज खेमका तथा अन्य संस्थाओं ने सहयोग का हाथ बढ़ाया है। इसी कड़ी में बाबा सरसाई नाथ बुक बैंक की ओर से जिला जेल प्रशासन को विभिन्न विषयों की सैकड़ों उपयोगी पुस्तकें भेंट की गईं।
इस पहल का उद्देश्य जेल में बंद कैदियों व बंदियों को पठन-पाठन के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना, उनके खाली समय का सदुपयोग करना तथा उन्हें रचनात्मक व सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर पुनर्वास की दिशा में आगे बढ़ाना है। जेल प्रशासन द्वारा परिसर में ही लाइब्रेरी और कंप्यूटर रूम के लिए उपयुक्त स्थान तैयार किया जा रहा है।
धार्मिक, प्रतियोगी व साहित्यिक पुस्तकें रहेंगी उपलब्ध
जेल में स्थापित होने वाली लाइब्रेरी में बंदियों के लिए हिंदी साहित्य, सामान्य ज्ञान, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी सामग्री, धार्मिक, नैतिक व प्रेरणादायक पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही स्थापित होने वाली कंप्यूटर लैब में बंदियों को बुनियादी कंप्यूटर शिक्षा व तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि रिहाई के बाद वे आत्मनिर्भर बन सकें।
शिक्षा और कौशल से बदलेगी बंदियों की सोच: गुरदीप सैनी
बाबा सरसाई नाथ बुक बैंक के संचालक गुरदीप सैनी ने बताया कि पुस्तकें व्यक्ति के विचारों और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। कंप्यूटर शिक्षा बंदियों को आधुनिक युग से जोड़ेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी जेल में पुस्तकों की आवश्यकता पड़ने पर बुक बैंक तुरंत सहायता उपलब्ध कराएगा।
जिला जेल में लाइब्रेरी और कंप्यूटर लैब की सुविधा शुरू होने से बंदियों को शिक्षा व तकनीकी प्रशिक्षण का बेहतर वातावरण मिलेगा। यह पहल उनके व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ भविष्य में उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
- जसवंत सिंह, जेल अधीक्षक, सिरसा।
