सिरसा की जेल में कैदियों का हाई-वोल्टेज ड्रामा, वार्डर से बदसलूकी और वर्दी पकड़ने पर छह पर केस दर्ज
सिरसा जिला कारागार में बंदियों और जेल कर्मियों के बीच विवाद हो गया, जिसमें बंदियों पर वार्डर के साथ दुर्व्यवहार ...और पढ़ें
-1789030669746_m.webp)
सिरसा की जेल में कैदियों ने की हिंसा (फाइल)
HighLights
सिरसा जेल में बंदियों और कर्मियों के बीच विवाद हुआ।
बंदियों पर वार्डर से दुर्व्यवहार और वर्दी पकड़ने का आरोप।
जेल डीएसपी की शिकायत पर छह बंदियों पर केस दर्ज।
जागरण संवाददाता, सिरसा। जिला कारागार सिरसा में बुधवार रात बंदियों को बैरक में भेजने के दौरान जेल कर्मियों और बंदियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ बंदियों ने जेल कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया और एक वार्डर की वर्दी पकड़ ली। इस दौरान वर्दी का बटन भी टूट गया। मामले में जेल डीएसपी राम कुमार की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने छह बंदियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार बुधवार रात जेल में बंदियों को बैरक में भेजा जा रहा था। इसी दौरान वार्डर दिलबाग सिंह और विनोद की कुछ बंदियों के साथ कहासुनी हो गई। आरोप है कि बंदी बलजीत सिंह और पवन कुमार ने वार्डर के साथ दुर्व्यवहार किया। विवाद बढ़ने पर अन्य बंदी भी मौके पर पहुंच गए।
आरोप है कि बंदियों ने ड्यूटी पर तैनात जेल कर्मचारियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा जेल के नियमों का उल्लंघन करते हुए कर्मचारियों की वर्दी पर हाथ डाला।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक बंदी ने वार्डर की वर्दी पकड़ ली, जिससे वर्दी का बटन टूट गया। इसके बाद जेल प्रशासन की ओर से मामले की सूचना अधिकारियों को दी गई। जेल डीएसपी राम कुमार की शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने छह बंदियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इन बंदियों के खिलाफ दर्ज हुआ केस
पुलिस ने मामले में बलजीत सिंह, पवन कुमार, अमनप्रीत सोनी, जगजीत सिंह, अर्जुन भट्टी और मंगा सिंह को नामजद किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपित वर्तमान में जिला कारागार सिरसा में बंद हैं। इनमें कुछ बंदी चोरी और छीनाझपटी सहित अन्य आपराधिक मामलों में जेल में बंद बताए गए हैं। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था। जेल में ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों के साथ कथित बदसलूकी और वर्दी पकड़ने की घटना को जेल प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।
