चिलचिलाती धूप व गर्म हवाओं ने दिनभर झुलझाया
जागरण संवाददाता सिरसा गर्मी का असर दिन प्रतिदिन बढ़ने लगा है। शनिवार को चिलचिलाती धूप और
जागरण संवाददाता, सिरसा : गर्मी का असर दिन प्रतिदिन बढ़ने लगा है। शनिवार को चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को दिनभर झुलसाकर रख दिया। वातावरण में नमी की मात्रा 10 फीसद से कम रह गई। इससे लू के आसार बन गये। गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कों पर वाहनों की संख्या घट गई। इससे कई सड़कें सुनसान नजर आई। गर्मी बढ़ने से शहर में जगह जगह जूस व शीतल पेय पदार्थों की रेहड़ी लगने लगी है। शनिवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा। सुबह से ही बढ़ने लगी गर्मी
शनिवार को सूर्य निकलने के साथ ही गर्मी ने रंग दिखाने शुरू कर दिए। सुबह 7:30 बजे तापमान 32 डिग्री तक पहुंच गया। इसके बाद 9 बजे 38 डिग्री तक तापमान हो गया। तेज धूप के कारण दुपहिया वाहन चालक सुबह से कपड़ों से लिपटे नजर आने लगे। दोपहर एक बजे से सायं 4:30 बजे तक धरती तपती रही। इस समय अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री तक रहा। शाम के 5 बजे बाद तापमान में थोड़ी गिरावट आनी शुरू हुई।
----
यह रहा दिनभर का तापमान
समय तापमान
सुबह 6 बजे 27 डिग्री
सुबह 7 बजे 29 डिग्री
सुबह 8 बजे 34 डिग्री
सुबह 9 बजे 38 डिग्री
सुबह 10 बजे 40 डिग्री
सुबह 11 बजे 41 डिग्री
दोपहर 12 बजे 42 डिग्री
दोपहर 1 बजे 44.5 डिग्री
------
जरूरी हो तो ही घर से बाहर निकले : उपायुक्त
उपायुक्त रमेश चंद्र बिढ़ान ने कहा कि जरूरी हो तो ही घर से बाहर जाएं और बाहर जाते समय अपने साथ छाता या सिर पर कपड़ा रखें और अपने साथ पीने के लिए पानी भी अवश्य रखें। उपायुक्त ने कहा कि गर्मी के प्रकोप बढऩे के साथ ही गर्म हवाएं व लू काफी तेज हो रही है। ऐसी परिस्थिति में आमजन गर्म हवाओं व लू के बचाव के लिए सावधानियां बरते। उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो अधिक से अधिक पानी पीएं, भले ही प्यास न हो। गर्मी के स्ट्रोक, गर्मी के दाने या गर्मी से ऐंठन जैसे कमजोरी, चक्कर आना, सिर दर्द, हृदय रोग, मिर्गी और दौरे के लक्षणों को पहचाने तथा यदि बेहोश या बीमार महसूस करें तो तत्काल नजदीकी चिकित्सक से तुरंत संपर्क करें। शरीर को पुन: हाइड्रेट करने के लिए ओआरएस या घर के बने पेय पदार्थ जैसे लस्सी, नींबू पानी, छाछ आदि का प्रयोग करें। इसके लिए सूती कपड़े पहने तथा अन्य गर्मी से बचाव के साधनों को उपयोग करें।