रानियां नगरपालिका की सीमा में होगी बढ़ोतरी
- नगरपालिका ने दिया प्रस्ताव 66 ढाणियों को नगरपालिका क्षेत्र में किया जा सकता है शामिल
- नगरपालिका ने दिया प्रस्ताव, 66 ढाणियों को नगरपालिका क्षेत्र में किया जा सकता है शामिल
जागरण संवाददाता, सिरसा : रानियां में 66 ढाणियों को अब नगर पालिका में शामिल किया जा सकता है। नगर पालिका ने 4 सितंबर को प्रस्ताव पास किया था, जिस पर अब उपायुक्त की अध्यक्षता वाली कमेटी जल्द फैसला करने वाली है। नगर पालिका के क्षेत्रफल में अब बढ़ोतरी करने से पहले संबंधित पंचायतों के एतराज को भी सुना जाना है। हालांकि ये ढाणियां गांव से तीन से चार किमी दूर रानियां के नजदीक हैं।
रानियां के नजदीक लगने वाली ढाणियों को रानियां नगर पालिका में शामिल करने की मांग 2008 से चल रही है। नगरपालिका ने भी हाउस की बैठक में 8 दिसंबर 2008 को पालिका की सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव पास किया था। जिसके बाद तीन मार्च 2009 को शहरी स्थानीय निकाय के प्रधान सचिव की ओर से एक पत्र भी जारी हुआ। तभी से यह मामला फाइलों में अटका हुआ था। अब नए सिरे से ढाणियों को शहरी क्षेत्र में शामिल किए जाने पर विचार मंथन हुआ है। बताया जा रहा है कि 66 ढाणियों को शामिल करने की सिफारिश के अलावा कुछ अन्य रकबे को भी नगरपालिका क्षेत्र में शामिल करने का प्रस्ताव है। पूरा मामला प्रक्रिया अधीन
रानियां नगर पालिका की सीमा बढ़ोतरी को लेकर हाउस की बैठक में फैसला हुआ है। गत 4 सितंबर को हाउस ने सीमा वृद्धि का प्रस्ताव पास कर दिया है। 66 ढाणियों को पालिका क्षेत्र में शामिल किए जाने पर फैसला विभागीय स्तर पर होना है।
ऋषिकेश, सचिव नगर पालिका