रिटायर्ड फौजी के बेटे को पकड़ने आई थी पंजाब पुलिस, बंधक बनाकर पीटा
रिटायर्ड फौजी के बेटे को पकड़ने गई पंजाब पुलिस की टीम से गांव ढाणियों में मारपीट की गई।
जेएनएन, डबवाली (सिरसा)। पंजाब के जिला मोहाली के थाना माजरी के कर्मचारियों को पीटने के बाद बंधक बनाने वाले आरोपितों की तलाश में पुलिस ने गांव रिसालियाखेड़ा और ढाणियों में छापेमारी की। वहीं घायल पंजाब पुलिस जवान नागरिक अस्पताल सिरसा से एक्स-रे करवाने के बाद लौट गए। एक्स-रे रिपोर्ट के आधार पर गोरीवाला पुलिस केस को आगे बढ़ाएगी।
थाना माजरी के हेड कांस्टेबल परमिंद्र सिंह, हवलदार इकबाल सिंह व जुगराज सिंह बुधवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे गांव रिसालियाखेड़ा में रामगढ़ रोड पर स्थित रिटायर्ड फौजी सतवीर सिंह की ढाणी पहुंचे थे। ढाणी में बने मकान का दरवाजा खटखटाया तो पुलिस को देखकर एक युवक खेतों में भाग गया। पुलिस ने उसका पीछा कर हिरासत में ले लिया। इसके बाद महिलाओं ने चोर-चोर का शोर मचा दिया था।
शोर सुनकर पड़ोसी ढाणियों में रह रहे परिजन मौके आ गए। आरोपितों ने कांस्टेबल इकबाल सिंह की वर्दी फाड़ दी। जुगराज सिंह ने घटना की वीडियो बनानी चाही तो उसका मोबाइल तोड़ दिया। आरोपितों ने तीनों पुलिस कर्मियों को कमरे में बंधक बना लिया। सूचना पाकर मौका पर पहुंची गोरीवाला पुलिस ने पंजाब पुलिस कर्मियों को छुड़वाया था। पुलिस ने परमिंद्र सिंह के बयान पर सुनील, उसकी पत्नी सिमरन, ताऊ जगतपाल, दादा सज्जन, दो महिलाओं समेत छह अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था।
2017 में दर्ज हुआ था छेड़छाड़ का केस
हेड कांस्टेबल परमिंद्र सिंह ने बताया कि रिटायर्ड फौजी के बेटे सुनील के खिलाफ 12 अक्टूबर 2017 को पंजाब के मोहाली के कुराली थाना (अब माजरी) में छेड़छाड़ के आरोप में केस दर्ज है। सूचना मिली थी कि आरोपित ने ढाणी में पनाह ली हुई है। इसी आधार पर छापा मारा था। थाना प्रभारी सुरेश कुमार का कहना है कि पुलिस पर हमला करने के आरोप में सुनील समेत अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।