शादी का मंडप तैयार, पर बरात पहुंचने से पहले ही पहुंच गई पुलिस
पंजाब से आई बरात को बैरंग लौटना पड़ा। दरअसल बरात के पहुंचने से पहले ही वहां पुलिस पहुंच गई और उसने शादी रोक दी।
जेएनएन, सिरसा। शादी का मंडप तैयार था। दुल्हन पक्ष के लोग बरात का इंतजार कर रहे थे, लेकिन यह क्या बरात आने से चंद मिनट पहले ही वहां पुलिस पहुंच गई। दरअसल, दुल्हन की उम्र 18 वर्ष से कम थी। इसके कारण पुलिस बल के साथ पहुंची बाल विवाह निषेध अधिकारी की टीम ने विवाह रुकवा दिया। मामला चौपटा क्षेत्र के एक गांव का है।
बरात पंजाब के गांव झंडा खुर्द से आई थी। मगर बरात आने से पहले ही किसी ने बाल विवाह निषेध अधिकारी कार्यालय को सूचना दी कि दुल्हन की उम्र 18 साल से कम है। सूचना पाकर बाल विवाह निषेध अधिकारी कार्यालय के सहायक तरुण चुघ पुलिसकर्मियों के साथ गांव पहुंचे। परिजनों द्वारा दिखाए कागजातों में दुल्हन की उम्र सिर्फ 15 साल निकली।
जैसे ही बरात गांव में आई तो उन्हें भी मामले के बारे में बताया गया। इसके बाद बिना शादी के ही बरात को वापस भिजवा दिया गया। परिजनों ने शपथ-पत्र दिया कि वे बेटी की शादी 18 साल की होने पर ही करेंगे। तरुण चुघ ने बताया कि 18 साल की उम्र से पहले लड़की की शादी करना गैरकानूनी है। फिलहाल हमने परिजनों से शपथ पत्र लेकर शादी रुकवा दी है।
यह भी पढ़ेंः बुआ के घर गई नाबालिग लड़की को बेचा, युवक से कराई जबरन शादी