संसदीय क्षेत्रवार रैली करेंगी पार्टी: डा. तंवर
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा
जागरण संवाददाता, सिरसा : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा कि आगामी 14 फरवरी के बाद प्रदेशभर में संसदीय क्षेत्रों में रैलियां कि जाएगी। जिसमें चुनावी शंखनाद फूंका जाएगा। वे बुधवार को कांग्रेस भवन में सिरसा संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल तैयार हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के चरित्र में ही सच्चाई नहीं है और इसका प्रत्यक्ष प्रमाण भाजपा के चुनावी वायदे हैं जिसमें से एक भी वायदे को अमलीजामा नहीं पहनाया गया।
डा. तंवर ने कहा कि मार्च में संसदीय चुनावों के मद्देनजर आचार संहिताएं लग जाएंगी और उसके बाद कांग्रेस जन-जन तक कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में अपनी कल्याणकारी नीतियों को पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देशभर में कांग्रेस नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों आदि के हितों के लिए संघर्ष कर रही है।
-राहुल आएंगे हरियाणा
डा. अशोक तंवर ने कहा कि जल्द ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी हरियाणा आएंगे और संसदीय क्षेत्रों में होने वाली तमाम रैलियों के लिए बेहतर संदेश देंगे। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी को हरियाणा आने का न्योता दिया गया है। डा. तंवर ने बताया कि आगामी 9 फरवरी को दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस कमेटी और सीएलपी लीडर्स की भी बैठक होगी जिसमें आगामी संसदीय व विधानसभा चुनावों के संदर्भ में आवश्यक चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बैठक का नेतृत्व स्वयं राहुल गांधी करेंगे। कार्यकताओं से चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा
जासं, सिरसा: डा. अशोक तंवर ने कहाकि आज भाजपा से हर कोई नाराज है। इस समय देश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना हुआ है। पार्टी कार्यकर्ता घर घर जाकर पार्टी की नीतियों को बताए तथा भाजपा की गलत नीतियों को भी उजागर करे। इसी बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पंडित होशियारीलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं से अभी से ही घर घर जाकर लोगों को कांग्रेस की कल्याणकारी नीतियों से अवगत कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार सालों के दौरान भाजपा ने अपनी गलत नीतियों से हर वर्ग को विनाश की तरफ धकेला और हरियाणा को आगजनी में झोंककर व्यापक नुकसान किया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है कि वह प्रदेश की बागडोर कांग्रेस को सौंपे क्योंकि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जिसमें सभी वर्गों के हित सुरक्षित हैं। इस अवसर पर पूर्व मंत्री रामस्वरूप रामां, देवेंद्र बबली, नवीन केडिया, लाधूराम पूनिया, दलबीर भारती, सुरजीत भावदीन, राजकुमार शर्मा, संजय हिटलर, सतपाल मेहता, ओमप्रकाश केहरवाला, आनंद बियाणी, अमित सोनी, सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।