ऐसा क्या हुआ कि फॉर्च्यूनर में अाए व्यक्ति ने बेटे काे गोली मार कर ली खुदकुशी
चोपटा क्षेत्र के गांव धींगतानिया में फॉर्च्यूनर कार में सवार एक व्यक्ति ने पहले 12 साल के बेटे को गोली मारी और फिर खुदकुशी कर ली।
जेएनएन,सिरसा। चोपटा क्षेत्र के गांव धींगतानिया में फॉर्च्यूनर कार में सवार एक व्यक्ति ने पहले 12 साल के बेटे को गोली मारी और फिर खुदकुशी कर ली। यह व्यक्ति कार में यहां पहुंचा और फिर गाड़ी के शीशे बंद कर लिये। इसके बाद उसने पहले बेटे को गोली मारी अौर फिर खुद के सिर में गोली मार ली। लोगों ने बुरी तरह से घायल लड़के काे अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत बेहद गंभीर है। घटना के कारण का अभी पता नहीं चल सका है। आत्महत्या करने वाला व्यक्ति घर जमाई के रूप में अपनी ससुराल में रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, सिरसा शहर से करीब 10 किलाेमीटर दूर गांव धींगतानिया के पास एक व्यक्ति फॉर्च्यूनर गाड़ी में पहुंचा। जिले के कालीरावण गांव का रहनेवाला विक्रम सहारन नामक यह व्यक्ति खुद गाड़ी चला रहा था आैर उसका 12 साल का पुत्र देव उसके साथ गाड़ी की आगे की सीट पर बैठा था।
घायल लड़के को गाड़ी से निकालते लोग।
जानकारी के अनुसार, विक्रम ने गाड़ी को गांव के बाहर एक जगह रोका और उसके शीशे बंद कर दिए। इसके बाद उसने पहले बेटे को गोली मारी और इसके बाद अपने सिर में गोली मार ली। लोगाें ने गाेलियों की आवाज सुनी तो भागकर वहां पहुंचे और गाड़ी के गेट को खाेला। अंदर लड़का बुरी तरह घायल हालत में पड़ा था और व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। लोगों ने लड़के को गाड़ी से निकाल कर अस्पताल में भर्ती करवाया। लड़का सिरसा के जीडी गोयनका स्कूल में पढ़ता है और छठी कक्षा का छात्र है। उसकी जेब से स्कूल का आइ कार्ड मिला है।
लड़के देव का स्कूल आइ कार्ड।
बताया जाता है कि विक्रम सहारन राजस्थान क्षेत्र के गांव फेफाना में घर जमाई के तौर पर रह रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, व्यक्ति ने नेजिया धींगतानिया की और आने वाले रोड पर गाड़ी खड़ी की और पहले बेटे को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है। सदर थाना प्रभारी जगदीश जोशी मामले की जांच कर रहे हैं।