बिहार से दुल्हन लाने के नाम पर सिरसा के युवक के साथ धोखा, बंधक बनाकर लूटे डेढ़ लाख रुपये
ऐलनाबाद के दर्शन लाल से बिहार में दुल्हन लाने के नाम पर 1.55 लाख रुपये की ठगी हुई, जिसमें उन्हें बंधक बनाकर पैसे लूटे गए।
-1787215907866_m.webp)
बिहार से दुल्हन लाने के नाम पर सिरसा के युवक के साथ धोखा (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
ऐलनाबाद के दर्शन लाल से हुई 1.55 लाख की ठगी।
बिहार में दुल्हन लाने के नाम पर बंधक बनाकर लूटा।
पुलिस ने एक आरोपी नेपाली सहनी को किया गिरफ्तार।
संवाद सहयोगी, ऐलनाबाद। बिहार की युवतियों से शादी करवाने के लालच में युवकों के साथ ठगी हो रही है। ताजा मामला ऐलनाबाद के ढाणी जाटान का है। जिससे शादी कराने के नाम पर 1.55 लाख रुपये की ठगी हुई।
ऐलनाबाद निवासी दर्शन लाल के शिकायत पर बिहार के उदाकिशुनगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई है। इसमें पांच लोगों को नामजद किया गया है। बिहार पुलिस ने एक आरोपित नेपाली सहनी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
ढाणी जाटान के दर्शन लाल ने पुलिस को शिकायत दी थी कि लगभग दो वर्ष पूर्व उनके गांव के कुछ युवकों की शादी बिहार की लड़कियों से हुई थी। उनके गांव के एक युवक की शादी भी बिहार की लड़की से हुई थी। उनके साले की शादी करवाने के लिए चार अगस्त को मोबाइल फोन पर उनकी भी बातचीत हुई।
बातचीत के दौरान उन्हें भरोसा दिलाया गया कि मधेपुरा जिले में उनकी शादी रीति रिवाज के साथ कराई जाएगी। इस पर विश्वास करते हुए वह अपने गांव के पवन कुमार और राहुल मुनि के साथ बिहार के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र पहुंचे।
शादी कराने के नाम पर लिए 1.45 लाख
दर्शन लाल अपने दो साथियों के 14 अगस्त को करीब 10:30 बजे खगड़िया रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां पहले से कुछ लोग मौजूद थे। इसके बाद उन्हें शादी कराने के नाम पर अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया।आरोप है कि शाम के बाद कुंदला देवी, उसके पति नेपाली सहनी, राहुल मुनि समेत करीब 20 अन्य लोगों को बुलाया गया।
इसके बाद शादी कराने के नाम पर मुझे व सुखाराम को बंधक बनाकर उनसे 1.45 लाख रुपये नकद छीन लिए। 15 अगस्त को यूपीआइ के माध्यम से 10 हजार रुपये भी लिए गए। इस प्रकार कुल 1.55 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया।
छोड़ने की एवज में मांगे रुपये
इसके बाद उन्होंने हमें छोड़ने के नाम पर रंगदारी करते हुए 19,754 रुपये की अतिरिक्त मांग की गई और पासवर्ड पूछकर रकम निकालने का प्रयास किया गया। जिसके बाद दर्शन लाल ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पांच लोगों को सुरक्षित थाना लेकर आई। इसके बाद मामले को लेकर थाने में लिखित शिकायत दी गई और प्राथमिकी दर्ज की गई। केस दर्ज होने के बाद सोमवार को उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के डोमारही गांव से पुलिस ने नेपाली सहनी को गिरफ्तार किया।
आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में कथित रुपये के लेन-देन, आनलाइन भुगतान, शादी कराने के नाम पर हुई बातचीत तथा अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
