सिरसा में अजय चौटाला निवास पर फोन कर अभय बोले- आज खाना नहीं भेजोगे क्या, और फिर...
इनेलो दल बंटने के बाद भी अभय व अजय में अभी भी मनभेद पूरी तरह नहीं हुआ है। सिरसा पहुंचने पर अभय चाैटाला की बात को अजय के निवास स्थान से टाली न जा सकी, जानें क्या है पूरा मामला
सिरसा, जेएनएन। बदले राजनीतिक परिदृश्य के बाद भले ही चौटाला परिवार में आपस में दूरियां बढ़ती दिखाई दे रही हो। सियासी तीर भी खूब चल रहे हैं तो अभय और अजय चौटाला दोनों ही पक्षों में खूब तीखी बयानबाजी हो रही है। मगर अभी भी अभी भी दोनों ही ओर दिलों में अपनों के लिए कुछ खास जगह है।
ऐसा हम नहीं कह रहे बल्कि बीती रात हुआ एक वाकया दर्शा रहा है। नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला अपने आवास पर सिरसा पहुंचे तो उन्होंने अपने बड़े भाई अजय सिंह के यहां फोन किया। अभय चौटाला ने अजय सिंह के निवास पर फोन करके कहा कि आज खाना नहीं भेजोगे क्या? जिसके बाद अजय सिंह के निवास से उनके लिए खाना भेजा गया। इस बारे में अजय सिंह के निवास पर संपर्क कर पता किया तो बताया गया कि अभय सिंह चौटाला का खाना पहले भी यहां से जाता था और अब भी गया है, इसमें कोई नई बात नहीं है।
वर्णनीय है कि पिछले करीब महीना भर से चौटाला परिवार में अजय सिंह चौटाला व नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला के बीच संबंध तल्ख है। इनेलो से डा. अजय सिंह सहित उनके दो बेटों दुष्यंत चौटाला व दिग्विजय सिंह चौटाला को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। जिसके बाद डा. अजय सिंह ने नई पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया है। अजय सिंह परिवार खुलकर अभय सिंह के खिलाफ बयानबाजी कर रहा है। दुष्यंत चौटाला ने डबवाली विधानसभा सीट से चुनाव लडऩे का भी ऐलान कर दिया है।