चुनाव में बनाए जाएंगे पांच सखी बूथ, तैनात की जाएंगी महिला कर्मचारी
महिलाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए लोकसभा की भांति ऐ
जागरण संवाददाता, सिरसा : महिलाओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए लोकसभा की भांति ऐलनाबाद उपचुनाव में भी सखी बूथ बनाया जाना प्रस्तावित किया गया है। उपचुनाव में पांच बूथों को सखी बूथ बनाया जाएगा। इन बूथों पर पूरा स्टाफ महिला होगा और मतदान प्रक्रिया का संचालन महिला कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा। पीठासीन अधिकारी, सहायक पीठासीन अधिकारी व दूसरी कर्मचारी भी महिलाएं ही तैनात की जानी हैं। इन बूथों को विशेष तौर पर सजाए जाने का भी विचार किया जा रहा है और इन्हें आदर्श बूथ के रूप में दर्शाया जाएगा।
----------
बिना मास्क मतदान केंद्र में इंट्री नहीं, मास्क भी मौके पर होगा उपलब्ध
प्रशासन ने कोविड गाइड लाइन का पालन करने के लिए सभी अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं। मतदान प्रक्रिया से जुड़े सभी लोगों को मास्क पहनना जरूरी है। बिना मास्क के मतदान नहीं हो पाएगा और इस संबंध में मतदाताओं को जागरूक किए जाने के लिए भी कहा गया है। यदि कोई मतदाता बिना मास्क के मतदान के लिए आता है तो उसे मास्क उपलब्ध करवाया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर मास्क व सैनिटाइजर उपलब्ध होंगे और मास्क उपलब्ध करवाने की जिम्मेवारी बीएलओ को दी गई है।
-----
मतदान के लिए पांच सखी बूथ बनाए जाएंगे तथा कोविड गाइड लाइन की पालना जरूरी है। मास्क होना अनिवार्य है। यदि किसी के पास मास्क नहीं होगा तो मौके पर मौजूद बीएलओ मास्क उपलब्ध करवाएगा।
- अनीश यादव, जिला निर्वाचन अधिकारी।