किसानों को किया जा रहा लूटने का काम : अभय सिंह
सिरसा इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला रविवार को अनाज मंडी में उठान व खरीद क
जागरण संवाददाता, सिरसा : इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला रविवार को अनाज मंडी में उठान व खरीद कार्य का जायजा लेने पहुंचे। अनाज मंडी में किसान व आढ़तियों की समस्या उठाने पर दि आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान हरदीप सरकारिया व आढ़तियों ने सम्मानित किया। मंडी में दौरा करने के बाद अभय सिंह चौटाला ने कहा कि मंडियों में आज अव्यवस्था का आलम है। इससे किसान दुखी है। किसानों को पेमेंट नहीं मिलने से अगली फसल की बिजाई करने में दिक्कतें आ रही है। उन्होंने कहा मंडियों में 50 किलो के बैग में एक किलो ज्यादा गेहूं भरकर लूटने का कार्य किया जा रहा है। सरकारी चाहती है कि किसानों की मंडियों में गेहूं न बिके। इसके बाद अंबानी अडानी के गोदामों में बेचने को मजबूर हो जाए।
---
किसान खेत में कार्य कर रहा है
उन्होंने कहा कि किसान खेत में कार्य कर रहा है या तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर बार्डर पर बैठे हैं। पहले किसानों को कभी आतंकवादी तो कभी खालिस्तानी बताया गया। अब सरकार को पता चल गया है कि असली किसान है जो धरने पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री कोरोना के नाम पर मानवता के लिए आंदोलन वापस लेने की मांग कर रही है। यदि सरकार इस आंदोलन को समाप्त करवाना चाहती है तो मुख्यमंत्री को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर तीनों कृषि कानूनों को समाप्त करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों की तीनों कृषि कानूनों को समाप्त करने की ही मुख्य मांग है जिसके पूरा होने पर वे स्वत: अपना आंदोलन समाप्त कर देंगे। इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बॉर्डर पर बैठे किसान कोई रैली नहीं कर रहे मगर प्रधानमंत्री व अन्य भाजपा नेता कोरोना के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि बॉर्डर पर अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों को सरकार ने जबरन उठाने की कोशिश की तो किसान मरने मारने से भी पीछे नहीं हटेगा। प्रदेश में भाजपा-जजपा गठबंधन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि दोनों दलों के नेता प्रदेश में माहौल खराब करना चाहते हैं क्योंकि जब गांवों में लोग इन दलों के नेताओं को देखना ही नहीं चाहते तो उन्हें भी गांवों में न जाकर माहौल खराब नहीं करना चाहिए। इस अवसर पर उनके साथ इनेलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, विनोद बैनीवाल, विनोद दड़बी, महेंद्र बाना, गुरदयाल मेहता, चरणदास मेहता, महावीर शर्मा, प्रदीप मेहता, मनोहर मेहता, गंगाराम बजाज, रामसिंह सैनी, कृष्ण मेहता, आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान हरदीप सरकारिया, सुधीर ललित, सचिव कश्मीर कंबोज, कीर्ति गर्ग मौजूद रहे।