पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर किया प्रदर्शन
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पा
जागरण संवाददाता, सिरसा : पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के वरिष्ठ नेता होशियारी लाल शर्मा की अगुवाई में रविवार को बेगू गांव में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेता होशियारी लाल शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाकर महंगाई की आग में झुलस रही जनता को और जख्मी कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम काफी कम हो गए हैं। ऐसे में सरकार का फर्ज बनता था कि तेल के दाम कम कर जनता को राहत दे मगर इसके विपरित सरकार ने तेल के दाम घटाने की बजाय बढ़ा दिए हैं।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों में निरंतर आ रही तेजी का असर बाजार की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। ट्रांसपोट्रेशन महंगा होगा तो निश्चित रूप से खाने-पीने की वस्तुओं के दाम और बढ़ेंगे। किसानों के लिए खेती और महंगी हो जाएगी। कांग्रेस के राज में अर्थव्यवस्था काफी अच्छी थी। भाजपा की जनविरोधी नीतियों के कारण आम आदमी के लिए दो वक्त की रोटी का जुगाड़कर पाना तलवार की धार पर चलने जैसा हो गया है। इस अवसर पर मनमोहन मिढ़ा, मोहित शर्मा, अशोक, पूर्व सरपंच आत्माराम, लीलूराम व सुखपाल सिंह मौजूद रहे।