सिरसा में 1 रुपये किलो चीनी के लालच में उमड़ी भीड़, स्टोर में मची भगदड़; धक्का-मुक्की होने पर टूटा शीशा
सिरसा में एक नए स्टोर के उद्घाटन पर 1 रुपये किलो चीनी के ऑफर से भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे धक्का-मुक्की हुई और स्टोर का शीशा टूट गया।

सिरसा में 1 रुपये किलो चीनी के लालच में उमड़ी भीड़, स्टोर में मची भगदड़।
HighLights
नए स्टोर के ऑफर पर उमड़ी ग्राहकों की भारी भीड़।
धक्का-मुक्की से स्टोर का शीशा टूटा, पुलिस ने संभाली स्थिति।
खाद्य विभाग ने चीनी की पर्याप्त आपूर्ति का दिया आश्वासन।
जागरण संवाददाता, सिरसा। नए स्टोर के आरंभ पर ग्राहकों को सस्ती दरों पर समान देना स्टोर संचालकों को महंगा पड़ गया। एक रुपये किलो चीनी सहित अन्य खाद्य सामग्री सस्ती मिलने की सूचना पर स्टोर पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। धक्का मुक्की होने पर यहां स्टोर का शीशा तक टूट गया। जिसके पश्चात पुलिस ने मौके पर पहुंकर स्थिति संभाली और सभी ग्राहकों को घर भेज स्टोर बंद करवा दिया।
शहर के हिसार रोड पर नए स्टोर के उद्घाटन पर स्टोर संचालक ने पहले 500 ग्राहकों को एक रुपये किलो चीनी देने सहित अन्य सामान सस्ते दरों पर देने के लिए प्रचार-प्रसार करवाया था। शुक्रवार को स्टोर उद्घाटन से पहले ही ग्राहक यहां सामान लेने के लिए पहुंच गए।
सुबह नौ बजे ही स्टोर में ग्राहकों की भीड़ लगना शुरू हो गई। ग्राहकों की संख्या अधिक होने के कारण यहां स्टोर संचालकों व कर्मचारियों से स्थिति संभाली तक नहीं गई। गेट बंद करने पर बाहर ग्राहक कतार लगाकर खड़े हो गए। इसी बीच ग्राहक और गार्डों में धक्का मुक्की की स्थिति बन गई।
जिसके कारण स्टोर का मुख्य शीशा तक टूट गया। स्टोर संचालकों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। लेकिन पुरुष, महिला, युवा और बच्चों की भीड़ अधिक होने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती गई।
यहां पुलिस कर्मचारियों ने स्टोर में पहुंचे ग्राहकों को स्टोर से बाहर निकालना शुरू कर दिया। सुबह से करीब चार ग्राहकों द्वारा ही बिल कटवाया गया। जिन्हें स्टोर से सामान मिल पाया और अन्य ग्राहकों का सामान अंदर रखा उन्हें घर भेज दिया। स्टोर से ग्राहक बाहर निकालने के बाद उसका शटर तक गिरवाना पड़ा।
लोगों ने स्टाफ पर लगाए धक्का-मुक्की करने के आरोप
वहीं स्टोर में सामान के लिए पहुंचे ग्राहकों ने स्टोर संचालकों पर व्यवस्था न करने के आरोप लगाए। लोगों ने कहा कि अगर व्यवस्था नहीं कर सकते थे तो किस कारण प्रचार प्रसार करवाया और अब यहां पर धक्के मार-मार ग्राहकों को बाहर निकाला जा रहा है। इसके कारण महिलाओं और पुरुषों को भारी परेशानी भी झेलनी पड़ी।
सिरसा में चीनी का पर्याप्त स्टाक, अफवाहों पर ध्यान न दें: खाद्य विभाग
जिले में चीनी के पर्याप्त स्टाक होने और सप्लाई सुचारू रूप से जारी रहने के चलते खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने आमजन से चीनी की पैनिक बाइंग न करने की अपील की है। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक हरवीर रावत ने कहा कि जिले में चीनी के स्टाक की कोई कमी नहीं है। इसलिए लोग किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही चीनी की खरीद करें।
विभाग की ओर से जिले में कार्यरत सभी चीनी होलसेलर और डीलरों को भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की 28 जुलाई 2026 की अधिसूचना के अनुसार निर्धारित मात्रा में चीनी का स्टाक बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कालाबाजारी और जमाखोरी नहीं करने की हिदायत दी गई है।
