पार्षद बोलीं- मैडम डेढ़ महीने से उखाड़ी हुई है गली, ठेकेदार नहीं उठा रहा फोन, आयुक्त बोलीं- दीवाली से पहले बनाई जाए गली
शहर के आदर्श वार्ड बनाए गए वार्ड नंबर पांच की डीसी कालोनी की ग
जागरण संवाददाता, सिरसा : शहर के आदर्श वार्ड बनाए गए वार्ड नंबर पांच की डीसी कालोनी की गली चक्की वाली पिछले डेढ़ महीने से उखड़ी पड़ी है। कालोनीवासी परेशानी झेल रहे हैं। बुधवार को वार्ड पार्षद सुमन शर्मा ने इस गली के निर्माण कार्य को शुरू करवाने के लिए नगर आयुक्त संगीता तेतरवाल से गुहार लगाई। नगर आयुक्त ने वार्ड पार्षद की समस्या जानी। उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़ महीने से गली उखाड़ी हुई है। ठेकेदार को कई बार कहा गया है परंतु समस्या जस की तस है। ठेकेदार ने अब फोन उठाना भी बंद कर दिया है। पार्षद ने बताया कि उनके वार्ड में इसी ठेकेदार ने तीन और गलियां बनाई है उनका लेवल भी सही नहीं है। नगर आयुक्त ने समस्या जानने के बाद आदेश दिये कि संबंधित ठेकेदार दीवाली त्योहार से पहले उक्त गली का निर्माण पूरा करवाए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं गलियों के निर्माण कार्य का जायजा लेंगी। ------------- इसके बाद पार्षद सुमन शर्मा डीसी कालोनी में पहुंची। जहां कालोनीवासियों ने उन्हें बताया कि करीब डेढ़ महीने से उखाड़ी गई गली के कारण परेशानियां उठानी पड़ रही है। कारों को आसपास गलियों में खड़ा करते हैं जिनके चोरी होने का भय सताता रहता है। बीती रात भी घर में अकेले रह रहे वृद्ध दंपती के अचानक बीमार होने पर दिक्कतें आई। जिसके बाद वृद्ध दंपती ने अपने घर के आगे टूटी सीढि़यों की मरम्मत के लिए मिस्त्री लगवाया है। ----- पार्षद सुमन शर्मा ने एक गली निर्माण में देरी होने की जानकारी दी है। संबंधित ठेकेदार को दीपावली से पहले गली निर्माण करवाने के निर्देश दिये है। अगर ठेकेदार ने गली निर्माण नहीं किया तो टेंडर रद कर दिये जाएंगे। गलियों के निर्माण कार्य में भी कहीं कोताही मिली, घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग मिला तो भी ठेकेदार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
- संगीता तेतरवाल, नगर आयुक्त