मनरेगा और मुआवजा मुद्दों पर कांग्रेस का आक्रामक रुख, सैलजा ने साधा केंद्र व प्रदेश सरकार पर निशाना
कुमारी सैलजा ने केंद्र व हरियाणा की भाजपा सरकारों पर गरीब, मजदूर और किसानों के अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाया।

मनरेगा और मुआवजा मुद्दों पर कांग्रेस का आक्रामक रुख (फोटो: जागरण)
जागरण संवाददाता, सिरसा। सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि केंद्र व हरियाणा की भाजपा सरकार की नीतियों के कारण गरीब, मजदूर और किसान की सामाजिक तथा आर्थिक सुरक्षा कमजोर हुई है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस नीत यूपीए सरकार ने 2005 में मनरेगा कानून बनाकर ग्रामीण परिवारों को रोजगार का कानूनी अधिकार दिया था। जुलाई 2026 से लागू नई व्यवस्था में गरीब के काम पाने के अधिकार से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सफाई, सीवर व अग्निशमन कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए लंबे समय से आंदोलनरत हैं। सरकार को हठधर्मिता छोड़कर संवाद के जरिए उनकी जायज मांगों का सम्मानजनक समाधान निकालना चाहिए।सांसद ने फसल बीमा योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रीमियम लेने के बावजूद किसानों को खराबे की सूचना, सर्वे व मुआवजे के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
सरकार बीमा कंपनियों की जवाबदेही तय करे और पारदर्शी सर्वे करवाकर मुआवजा सीधे किसानों के खातों में भेजे। विकास का वास्तविक अर्थ तभी है जब अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को उसका अधिकार बिना संघर्ष के मिले।
