तीन दिन बाद खुले बैंक तो उमड़ी भीड़, नकदी से [लेकर पेंशन के काम के लिए लगी कतार
तीन दिन की हड़ताल और छुट्टी के बाद सिरसा में बैंक खुलने पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नकदी निकासी, पेंशन ...और पढ़ें

हरभजन कौर, बुजुर्ग पैंशनधारक, एमआईटीसी कॉलोनी।
HighLights
तीन दिन बाद सिरसा में बैंक खुले, ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी
नकदी निकासी, पेंशन और पासबुक प्रिंटिंग के लिए लंबी कतारें दिखीं
बैंक कर्मचारियों ने ग्राहकों के काम निपटाए, एटीएम पर भी निर्भरता बढ़ी
जागरण संवाददाता, सिरसा। शुक्रवार को राष्ट्रीयकृत बैंक कर्मचारियों की हड़ताल और इसके बाद शनिवार व रविवार की छुट्टी के कारण तीन दिन तक बैंकिंग सेवाओं से दूर रहे लोगों की सोमवार को शाखाएं खुलते ही भीड़ उमड़ पड़ी।
सुबह बैंक खुलने से पहले ही कई ग्राहक शाखाओं के बाहर पहुंच गए। बैंकिंग कामकाज शुरू होते ही नकदी निकासी, पेंशन, पासबुक प्रिंटिंग और अन्य जरूरी कार्यों के लिए काउंटरों पर कतारें लग गईं। तीन दिन बाद एक साथ पहुंचे ग्राहकों के कारण कई शाखाओं में सुबह से ही चहल-पहल बनी रही।
बरनाला रोड स्थित पीएनबी में लगी रही कतार
बरनाला रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में सोमवार सुबह सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक ग्राहक दिखाई दिए। कोई खाते से नकदी निकलवाने के लिए कतार में खड़ा था तो कोई पासबुक अपडेट करवाने या पेंशन संबंधी जानकारी लेने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहा था। गांव वैदवाला निवासी सुखदेव सिंह भी नकदी निकलवाने के लिए बैंक पहुंचे।
उन्होंने बताया कि उन्हें रुपये की जरूरत थी, लेकिन शुक्रवार को बैंक हड़ताल के कारण काम नहीं हो सका। शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण सोमवार तक इंतजार करना पड़ा। बैंक खुलते ही वह खाते से नकदी निकलवाने पहुंच गए।
पेंशन की जानकारी के लिए भी पहुंचे बुजुर्ग
सोमवार को बैंक पहुंचने वाले ग्राहकों में पेंशनभोगियों की संख्या भी दिखाई दी। गुरुनानक नगर निवासी मघर सिंह अपने खाते में पेंशन की राशि पहुंचने की जानकारी लेने बैंक पहुंचे। उन्होंने बताया कि तीन दिन बैंक बंद रहने के कारण बैंक से जुड़ा काम नहीं हो पाया था। सोमवार को बैंक खुलने के बाद वह स्वयं शाखा में जानकारी लेने पहुंचे।
इसी तरह हिसार रोड स्थित एमआइटीसी कालोनी निवासी हरभजन कौर पेंशन की राशि निकलवाने बैंक पहुंचीं। उन्होंने बताया कि पेंशन की राशि खाते में पहुंच गई थी, लेकिन शुक्रवार की हड़ताल और इसके बाद दो दिन अवकाश होने के कारण वह राशि नहीं निकलवा सकीं। सोमवार सुबह बैंक पहुंचने के बाद उन्हें पेंशन की राशि मिल गई।
सुबह से काउंटरों पर बढ़ी भीड़
तीन दिन के अंतराल के बाद बैंक खुलने से सोमवार को शाखाओं में कामकाज का दबाव साफ नजर आया। सुबह से ही ग्राहक अपने जरूरी बैंकिंग कार्य निपटाने के लिए पहुंचने लगे।
हड़ताल के कारण शुक्रवार को नहीं हो सके काम भी सोमवार को करवाने के लिए लोग बैंक पहुंचे। नकदी निकासी और पेंशन संबंधी काम को लेकर सबसे अधिक आवाजाही देखने को मिली। बैंक कर्मचारियों ने भी काउंटरों पर ग्राहकों के काम निपटाए।
एटीएम पर भी बढ़ी निर्भरता, सेवाएं सामान्य होने पर मिली राहत
बैंक शाखाएं तीन दिन बंद रहने के कारण जिन लोगों को नकदी की जरूरत थी, उन्हें एटीएम का सहारा लेना पड़ा। सोमवार को बैंक खुलने के बाद कई ग्राहक सीधे शाखाओं में पहुंचे और खाते से राशि निकलवाई। वहीं, बैंकिंग सेवाएं सामान्य होने के बाद ग्राहकों ने राहत की सांस ली। तीन दिन बाद खुले बैंकों में सुबह से दोपहर तक ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।
