एसडीएम की फटकार के बाद जागा जनस्वास्थ्य विभाग, एसडीओ ने पंजाब को लिखा पत्र
संवाद सहयोगी, डबवाली: उत्तम नगर की दयनीय स्थिति पर एसडीएम सुरेंद्र बैनीवाल की फटकार झेलने
संवाद सहयोगी, डबवाली:
उत्तम नगर की दयनीय स्थिति पर एसडीएम सुरेंद्र बैनीवाल की फटकार झेलने वाले जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को समस्या के समाधान के लिए पंजाब के अधिकारियों से संपर्क साधा। एसडीओ भानी राम ने मैनहॉल की सफाई करवाने की मांग रखी। लेकिन पंजाब के अधिकारियों ने चुनावी ड्यूटी में व्यस्त होने की बात कहकर फोन काट दिया। हालांकि यह जानकारी जरूर दी कि पंजाब में सीवरेज सिस्टम संबंधित पंचायतों के पास है। फिलहाल एसडीओ ने समस्या के समाधान के लिए पंजाब के एसडीओ को पत्र लिखा है।
एसडीओ के अनुसार उत्तम नगर पंजाब से सटा हुआ इलाका है। वहां जाने के लिए पंजाब का इलाका क्रॉस करना पड़ता है। पंजाब में हालात बदतर हैं। इलाके में अस्पताल बने हैं, लेकिन सीवरेज चॉक होने से गंदा पानी गलियों में बह रहा है। उत्तम नगर पंजाब के सीवरेज सिस्टम से जुड़ा होने के कारण परेशानी आ रही है। लोग उत्तम नगर से पलायन करने को मजबूर हैं। कभी भी बीमारी फैल सकती है। यहां तक सीवरेजयुक्त पेयजल आपूर्ति की बात है तो पेयजल पाइप बिछाए बहुत साल बीत चुके हैं। पाइप जमीन में करीब 13 फुट नीचे है। ऐसे में लीकेज पॉइंट ढूंढना बहुत मुश्किल है। जेई सतपाल रोज ने पैमाइश कर ली है। जल्द नई पेयजल पाइप के लिए इस्टीमेट तैयार करके मंजूरी के लिए उच्च अधिकारियों के पास भेजा जाएगा।
बता दें, बृहस्पतिवार को लोगों ने उत्तम नगर के हालात सुधारने की गुहार लगाई थी। शाम को एसडीएम सुरेंद्र बैनीवाल उत्तम नगर पहुंचे थे। पैदल ही गलियों का निरीक्षण किया था। उन्होंने पानी देखने के लिए एक घर की मोटर चलवाई थी। सीवरेज युक्त पेयजल से बाल्टी भर गई तो जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई थी।