सिरसा के शिल्पकारों के उत्पाद को पहचान दिलाएगा प्रशासन
सरकारी योजनाओं से जुड़कर आजीविका चलाने वाले छोटे स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद अब इंटरनेट पर उपलब्ध होंगे। प्रशासन कुटीर उद्योग को बढ़ावा देने के लिए उनके उत्पाद की बिक्री में सहायक बनेगा और ओलेक्स पर इन्हें खरीदा जा सकेगा।
जागरण संवाददाता, सिरसा : ऋण लेकर या फिर सरकारी योजनाओं से जुड़कर आजीविका चलाने वाले छोटे स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद अब इंटरनेट पर उपलब्ध होंगे। प्रशासन कुटीर उद्योग को बढ़ावा देने के लिए उनके उत्पाद की बिक्री में सहायक बनेगा और ओलेक्स पर इन्हें खरीदा जा सकेगा। खरीदने और बेचने के मामले में जिला प्रशासन नोडल एजेंसी बनाएगा जो शिल्पकार व दूसरे कुटीर उद्योग से जुड़े लोगों के हस्तनिर्मित उत्पाद की बिक्री में मदद बनेगी।
ओलेक्स पर बिक्री से पहले प्रशासन उन वस्तुओं की सूची एकत्रित कर रहा है जिन्हें पहले उपलब्ध करवाया जाएगा। मूल्य का निर्धारण शिल्पकार खुद तय करेगा और अग्रिम भुगतान के बाद प्रशासन की निगरानी में ही संबंधित व्यक्ति को बुकिग का सामान भेजा जाएगा। आरंभ में कुम्हार द्वारा निर्मित मिट्टी के बर्तन तथा कपड़े से बनाए जाने वाले स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद उपलब्ध होंगे। 20 तरह के उत्पाद पहले होंगे और इसके बाद अगली सूची में 50 अन्य उत्पाद शामिल किए जाएंगे। सिरसा कृषि आधारित है इसलिए हौजरी के सामान को भी यहां तवज्जो दी जाएगी। बिक्री का माध्यम उपलब्ध कराने की योजना
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मिट्टी, तांबे के बर्तन व कई अन्य उत्पाद की मांग लगातार बढ़ रही है लेकिन छोटे व्यवसायी को इसकी जानकारी नहीं है। स्वयं सहायता समूहों को भी उत्पाद बेचने में परेशानी न आए इसलिए उन्हें इंटरनेट के जरिये दूर बैठे लोगों तक पहुंचाने का प्रयास है। ऐसा करने से उत्पाद बिकेंगे और छोटे उद्यमियों की मदद हो पाएगी। इससे कारीगरों को और अधिक काम मिलेगा। ओलेक्स पर स्वयं सहायता समूह व छोटे उद्यमियों के सामान की सूची उपलब्ध कराएंगे। रेट भी बिल्कुल सही रखा जाएगा। स्वयं सहायता समूहों को ओलेक्स व अन्य डिजिटल प्लेटफार्म की जानकारी कम है इसलिए जिला प्रशासन नोडल अधिकारी नियुक्त करेगा जो उनके उत्पाद की बिक्री में मददगार बनेगा। बाद में उन्हें खुद डिजिटल से संबंधित ट्रेनिग दे दी जाएगी।
- उत्तम सिंह, एडीसी, सिरसा।