Move to Jagran APP

अभय चौटाला के बेटे अर्जुन की हुई सगाई, बड़े भाई अजय के परिवार को नहीं बुलाया समारोह में

पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के सबसे छोटे पोते अर्जुन का रिश्ता यमुनानगर के पूर्व विधायक तथा खनन कारोबारी दिलबाग सिंह की डॉक्टर बेटी जैसमीन से तय हो गया है।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Thu, 18 Jul 2019 06:16 PM (IST)Updated: Thu, 18 Jul 2019 06:19 PM (IST)
अभय चौटाला के बेटे अर्जुन की हुई सगाई, बड़े भाई अजय के परिवार को नहीं बुलाया समारोह में
अभय चौटाला के बेटे अर्जुन की हुई सगाई, बड़े भाई अजय के परिवार को नहीं बुलाया समारोह में

जेएनएन, डबवाली [सिरसा]। पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के सबसे छोटे पोते अर्जुन का रिश्ता यमुनानगर के पूर्व विधायक तथा खनन कारोबारी दिलबाग सिंह की डॉक्टर बेटी जैसमीन से तय हो गया है। वीरवार को दिलबाग सिंह का परिवार ताऊ देवीलाल की जन्मस्थली तेजाखेड़ा गांव में स्थित चौटाला परिवार के फार्म हाऊस में पहुंचा। वीवीआइपी की मौजूदगी में अर्जुन का टीका (रोका) किया। शाही कार्यक्रम के गवाह पाकिस्तान से आए अब्दुल रहमान भी बने। समारोह में अजय चौटाला के परिवार को नहीं बुलाया गया था। 

loksabha election banner

अर्जुन के पिता अभय सिंह तथा बड़े भाई कर्ण सिंह मेहमानवाजी करते नजर आए। कार्यक्रम में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल अपने बेटे पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के साथ पहुंचे। ओमप्रकाश चौटाला ने गले लगाकर बादल का स्वागत किया। इस मौके पर इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष बीडी ढालिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा, रामपाल माजरा, सिरसा से विधायक मक्खन लाल सिंगला तथा राजस्थान से अभिषेक मटोरिया पहुंचे।

पूर्व विधायक दिलबाग सिंह करीब 80-90 गाड़ियों के काफिले के साथ दोपहर करीब 12 बजे कार्यक्रम में पहुंचे थे। परिवार के अलावा उनके साथ वीआइपी थे। करीब साढ़े 12 बजे सिख रीति रिवाज के अनुसार अरदास हुई। अरदास करने के बाद ग्रंथी ने दैग (हलवे का प्रसाद) वितरित किया। करीब सवा 2 बजे गांव चौटाला के पं. ब्रह्मदत्त ने अपने भतीजे ओमप्रकाश के साथ हिंदू रीति रिवाज से टीके की रस्म करवाई।

रस्म के बाद बादल तथा चौटाला ने एक साथ अर्जुन को आशीर्वाद दिया। इससे पहले अर्जुन सिंह का हेयर स्टाइल बनाने के लिए हेयर ड्रेसर को संगरिया (राजस्थान) से विशेष तौर पर लाया गया था। कार्यक्रम की तैयारियां पिछले एक हफ्ते से चल रही थीं। डबवाली के साथ-साथ दिल्ली के कैटरस को विशेष तौर पर बुलाया गया था। कार्यक्रम में इंद्र देवता खलल न डालें, इसलिए वाटर प्रूफ पंडाल तैयार किया गया था। करीब साढ़े 3 बजे कार्यक्रम संपन्न हुआ। मेहमानों के जाने के बाद करीब 4 बजे दिलबाग सिंह वापस यमुनानगर के लिए रवाना हुए।

बड़े भाई को नहीं बुलाया, नैना बोलीं-अक्टूबर में खत्म हो गए थे रिश्ते

चौटाला परिवार में राजनीतिक दुश्मनी की खटास पारिवारिक रिश्तों में साफ नजर आई। अभय सिंह ने अर्जुन के टीका रस्म के कार्यक्रम में बड़े भाई अजय सिंह को निमंत्रण तक नहीं भेजा। अजय सिंह के परिवार की अनुपस्थिति कार्यक्रम में चर्चा का विषय रही। डबवाली के ग्रामीण आंचल का दौरा कर रही विधायक नैना सिंह से जब पत्रकारों ने इस संबंध में सवाल किया तो वे बोलीं कि अक्टूबर 2018 में राजनीति के साथ-साथ पारिवारिक रिश्ते खत्म हो गए थे। उन्होंने कहा कि यह उनका पारिवारिक मुद्दा है। अगर मीडिया को कार्यक्रम में जाना है तो वह अपनी गाड़ी भेज सकती है।

जनवरी 2019 में आया था रिश्ते तोड़ने का बयान

बता दें, अभय सिंह चौटाला ने जनवरी 2019 में अजय सिंह तथा उनके परिवार से पारिवारिक रिश्ते तोड़ने का बयान दिया था। उस समय ओपी चौटाला चार हफ्तों की पैरोल पर आना चाहते थे। किसी वजह से पैरोल नहीं मिली थी। अभय सिंह ने इसका ठीकरा दुष्यंत-दिग्विजय पर फोड़ते हुए आरोप लगाया था कि आप से गठबंधन होने की वजह से दिल्ली सरकार ने पैरोल मंजूर नहीं की। तभी से चौटाला परिवार के रिश्ते खटास भरे चले आ रहे थे।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.