दंपती पर जानलेवा हमले की साजिशकर्ता महिला आरोपित गिरफ्तार
जागरण संवाददाता रोहतक गांव बहुअकबरपुर में प्लॉट विवाद को लेकर दंपती पर हुए हमले म
जागरण संवाददाता, रोहतक : गांव बहुअकबरपुर में प्लॉट विवाद को लेकर दंपती पर हुए हमले में साजिशकर्ता महिला को गिरफ्तार किया गया है। बुधवार को आरोपित महिला को कोर्ट में पेश करते हुए जेल भेज दिया गया। फिलहाल, पुलिस मामले में जांच करने का दावा कर रही है। अपराध शाखा तीन प्रभारी निरीक्षक कप्तान सिंह ने बताया कि 9 नवंबर को गांव बहुअकबरपुर में कुछ लोगों ने दंपती पर जानलेवा हमला किया था। गंभीर हालत में सविता पत्नी अमित को पीजीआइएमएस में दाखिल कराया गया था। इसके साथ ही अमित का शव खेत में पड़ा मिला था। हमलावरों ने अमित की तीन गोलियां मारकर हत्या की थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि अमित का अपने पड़ोसी राजू के साथ गांव स्थित एक प्लॉट को लेकर कई वर्षो से विवाद चल रहा है। विवादित प्लॉट के संबंध में अमित अदालत से दिवानी केश जीत गया था और प्लॉट पर कब्जा भी अमित का ही है। इसके बाद भी आरोपित राजू प्लॉट पर कब्जा करना चाहता था। जिसके चलते आरोपितों ने जानलेवा हमले की वारदात को अंजाम दिया था। एसपी राहुल शर्मा के निर्देशन में पुलिस ने षड्यंत्र में शामिल राजबीर उर्फ राजू को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि मंगलवार को सहायक उप निरीक्षक रामबीर के नेतृत्व में सीआइए थ्री की टीम ने षड्यंत्र में शामिल संतोष को गिरफ्तार किया है। वारदात व षड्यंत्र में शामिल रहे अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी करने में लगी हुई है।