20 एमएम बारिश से शहर में जलभराव, फसल बिछ जाने से किसानों की चिता भी बढ़ी
शाम करीब चार बजे तेज बरसात से शहर में कई जगह जलभराव हो गय
जागरण संवाददाता, रोहतक : शाम करीब चार बजे तेज बरसात से शहर में कई जगह जलभराव हो गया। इससे करीब दो घंटे हुई बरसात से यातायात भी प्रभावित रहा। वहीं दूसरी ओर किसानों की चिताएं भी बरसात ने बढ़ा दी हैं। जिले में करीब 20 एमएम बरसात से खेतों में भी पानी खड़ा हो गया है। गेहूं और सरसों की लगभग तैयार फसल को भारी नुकसान हुआ है।
बुधवार को ओलावृष्टि के साथ शुरू हुई बरसात से महम और सांपला क्षेत्र के कई गांवों में किसानों ने फसलों के जमीन पर बिछ जाने की बात कही है। साथ ही प्रशासन से विशेष गिरदावरी कराकर मुआवजे की मांग भी की है। शुक्रवार को भी सांपला के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि हुई। शहरी क्षेत्र की बात की जाए तो अकेले दिल्ली रोड पर 10 से अधिक स्थानों पर जलभराव हो गया। इसके अलावा बाल भवन रोड, अप्पू घर के सामने, हुड्डा कॉम्प्लेक्स, रेलवे रोड, शीला बाइपास व अन्य स्थानों पर कई देर तक घुटनों तक पानी भर गया। शहर के कई पॉश इलाकों में भी बरसात से लोगों को परेशानी हुई। सेक्टर-3 के निवासी सतीश त्यागी, वजीर सिंह अहलावत, महावीर सिंह आदि ने बताया कि सीवर लाइन ब्लॉक हो जाने से पानी सड़कों पर खड़ा हो गया है। लोगों को आने-जाने में असुविधा हो रही है। यही आलम ओमेक्स सिटी का भी रहा। वहां के निवासियों ने कई जगहों पर पानी जमा होने की बात कही। बरसात से बढ़ी ठंडक
लगातार तीन दिनों से हो रही बरसात से ठंडक बढ़ गई है। शुक्रवार को दिन के ज्यादातर समय ठंडी हवा चली। जिससे लोग गर्म वस्त्रों में नजर आए। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज भी हो सकती है बरसात
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार जिले में आज भी बरसात की संभावना है। आठ व नौ मार्च को धूप खिल सकती है। वहीं 10 मार्च को एक बार फिर आसमान में बादल छा सकते हैं। 11 और 12 मार्च को भी हल्की बूंदाबांदी का अनुमान है।