पालिका कालोनी में भिड़े दो पक्ष, पुलिस पर भी हमला, कई नामजद समेत 70 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
जागरण संवाददाता रोहतक शहर की पालिका कालोनी में शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच वि
जागरण संवाददाता, रोहतक : शहर की पालिका कालोनी में शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी एक पक्ष के लोगों ने पथराव किया और बाद में चौकी पर पहुंचकर भी हंगामा किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज किया है, साथ ही चौकी पर हंगामा करने और पुलिस को धमकी देने के मामले में चौकी प्रभारी की तरफ से भी कई नामजद समेत 70 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
नई अनाज मंडी चौकी पर शनिवार देर रात सूचना मिली कि पालिका कालोनी में दो पक्षों के बीच झगड़ा हो रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पर पालिका कालोनी निवासी पूर्व सैनिक मामराज ने आरोप लगाया कि उनके प्लाट में करीब 70 लोग पशु काट रहे थे। जिन्होंने जादू-टोने के लिए आग भी जला रखी थी। साथ ही शराब भी पी रहे थे। जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची तो रवि और सुभाष चौटाला समेत अन्य लोगों ने मिलकर पुलिस की गाड़ी को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया। आरोपितों ने फायरिग भी की और पुलिस को वहां से जाने की धमकी दी। हालांकि पुलिसकर्मियों ने खुद को किसी तरह बचाया। मामराज की शिकायत पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। उधर, दूसरे पक्ष की तरफ से बंटी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इसमें आरोप लगाया कि वह पूजा कर रहे थे। तभी मामराज फौजी और उसके परिवार के अन्य सदस्य वहां पर आए और गाली-गलौच करने लगे। आरोपित रिवाल्वर और तेज धारदार हथियार लेकर आए थे। जिन्होंने बंटी और सोहन पर हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने उन्हें छुड़ाया। पुलिस ने बंटी की शिकायत पर मामराज और उनके परिजनों पर केस दर्ज किया है।
एक पक्ष ने चौकी पर पहुंचकर किया हंगामा, चौकी प्रभारी ने दर्ज कराया मामला
इस मामले को लेकर नई अनाज मंडी चौकी प्रभारी एएसआइ निकेश कुमार की तरफ से भी मामला दर्ज कराया गया है। दअरसल, मामराज पक्ष की तरफ से शिकायत दिए जाने का पता चलते ही दूसरे पक्ष से रवि, मनीष, सन्नी व बंटी समेत करीब 70 लोग इकट्ठा होकर नई अनाज मंडी चौकी पर पहुंच गए। वहां पर पुलिस ने समझाकर वापस भेजने का प्रयास किया। साथ ही लॉकडाउन का भी हवाला दिया गया, लेकिन भीड़ ने पुलिस की एक नहीं सुनी। वहां पर भी पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौच की गई और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने किसी तरह मामले को संभाला। आरोपितों ने पुलिस की ड्यूटी में बाधा डाली और लॉकडाउन के नियमों का भी उल्लंघन किया। जिसके बाद कई नामजद समेत करीब 70 लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है।