मुठभेड़ में पकड़े दो बदमाश, दोनों को गोली लगी, हत्या के प्रयास की तीन वारदातों का खुलासा
फोटो संख्या 1 ाककेंाक पमपमपम मकप मपम पम मम पम पमपम
जागरण संवाददाता, रोहतक : सीआइए-2 की टीम ने बृहस्पतिवार देर रात मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिग की। वहीं पुलिस की फायरिग में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। जिनका पीजीआइ में उपचार चल रहा है। जबकि उनका तीसरा साथी मौके से फरार हो गया। आरोपितों के पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हैं, जिनसे पूछताछ के बाद हत्या के प्रयास की तीन वारदातों का खुलासा किया है।
डीएसपी महेश कुमार ने बताया कि 21 मई की रात सीआइए-2 प्रभारी आजाद सिंह की टीम को सूचना मिली कि ड्रेन नंबर आठ के पास कुछ बदमाश वारदात के इरादे से खड़े हैं। सहायक उप निरीक्षक सतीश कादियान के नेतृत्व में टीम बनाकर बदमाशों की घेराबंदी की। वहां पर तीन बदमाश थे, जिन्होंने पुलिस पर फायरिग की। सतीश कादियान, मुख्य सिपाही संत कुमार और दिनेश कुमार ने कुल छह फायर किए। जिसमें दो बदमाशों को गोली लग गई। पुलिस ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। जबकि एक बदमाश भागने में कामयाब हो गया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान रिटौली निवासी मनोज उर्फ सुंडा और रवि उर्फ खड्डू के रूप में हुई। दोनों के पास से दो देशी पिस्तौल और कई कारतूस बरामद किए गए। गोली लगने से घायल हुए दोनों बदमाशों को पीजीआइ में भर्ती कराया गया। जबकि फरार हुए बदमाश की पहचान रिटौली निवासी संदीप उर्फ लंबू के रूप में हुई। जांच में सामने आया कि आरोपित मनोज उर्फ सुंडा 12वीं पास है और रवि बीए में पढ़ता है। आरोपितों का पूरा गिरोह है, जो पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। आरोपित मनोज, रवि, संदीप और उनके साथियों ने मिलकर सुंडाना गांव में शराब ठेका भी ले रखा है। करीब तीन माह से वह लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे थे। उनका मकसद अपने गिरोह का नाम रोशन करना था।
कुख्यात बदरो की तर्ज गिरोह बनाकर दहशत फैलाना चाहता है संदीप
सीआइए-2 प्रभारी आजाद सिंह ने बताया कि फरार हुआ बदमाश संदीप उर्फ लंबू रिटौली गांव का रहने वाला है, जो बहुअकबरपुर गांव निवासी संजीत उर्फ बदरो की मौसी का लड़का है। अपराध की दुनिया में संजीत बदरो गिरोह का नाम काफी सुर्खियों में रहा है। जो कई मामलों में वांटेड था। लेकिन पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ रहा था। जून 2018 में वह दिल्ली पुलिस के एनकाउंटर में मारा गया था। आरोपित संदीप उर्फ लंबू भी उसी की तर्ज पर काम कर रहा है। जिन्होंने कुछ दिन पहले ही गैंग तैयार किया था। इस गैंग में अनुज, राहुल उर्फ जोगा, अंकित उर्फ बाबा, धोला ठेकेदार और कुलदीप उर्फ कालू समेत कई लोग शामिल है। गैंग के सदस्यों का मकसद है कि ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम देकर लोगों में दहशत फैला दी जाए। इसी वजह से उन्होंने हत्या के प्रयास की तीन वारदातों को अंजाम दे डाला।
इन वारदातों का हुआ खुलासा
- 2 मार्च को शाम के समय आरोपित मनोज, रवि, संदीप, अनुज, राहुल उर्फ जोगा, अंकित उर्फ बाबा, धोला ठेकेदार और कुलदीप उर्फ कालू ने सुंडाना में सोमबीर उर्फ लीला पर हमला किया था। उसे बचाने आए उसके चाचा रोहताश को गोली मार दी थी। रोहताश फौज में नौकरी करता है और छुट्टी पर आया हुआ था।
- 17 मार्च की रात आरोपितों ने सुंडाना गांव में घर में घुसकर राजवीर उर्फ चौटाला को जान से मारने की नीयत से गोली मारी थी। इसके बाद आरोपितों ने रास्ते में देववीर देबल की दुकान में घुसकर भी फायर किया था।
- 10 मई की रात आरोपित कबुलपुर गांव में जगबीर के खेत में बैठकर शराब पी रहे थे। आरोपितों ने वहां पर किसान कर्मबीर को गोली मारकर घायल कर दिया था।