विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहतक में दर्दनाक हादसा: कार के निकले दो पहिए, पलटने से लगी आग; खिड़की से कूदे मैकेनिक की मौत

Published: Sun, 16 Aug 2026 07:58 PM (IST)

रोहतक के ब्राह्मणवास में तेज रफ्तार कार के दो पहिए निकलने से वह पलटकर आग की चपेट में आ गई। ...और पढ़ें

रोहतक में दर्दनाक हादसे में मैकेनिक की मौत। फाइल फोटो

रोहतक में दर्दनाक हादसे में मैकेनिक की मौत। फाइल फोटो

HighLights

  1. रोहतक में तेज रफ्तार कार के दो पहिए निकले।

  2. कार पलटने के बाद उसमें भीषण आग लग गई।

  3. खिड़की से कूदे कार मैकेनिक हरिओम की मौत।

जागरण संवाददाता, रोहतक। गांव ब्राह्मणवास के पास शनिवार रात तेज रफ्तार कार के दो पहिए निकलने से बड़ा हादसा हो गया। पहिए निकलने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क पर तीन-चार बार पलट गई और उसमें भीषण आग लग गई।

जान बचाने के लिए कार सवार युवक ने खिड़की से छलांग लगा दी, लेकिन सड़क पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनीपत के गांव मोई हुडा निवासी 22 वर्षीय हरिओम के रूप में हुई है।

वह कई वर्षों से रोहतक शहर के एक गैराज में कार मैकेनिक का काम करता था। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गैराज मालिक की थी कार

पुलिस जांच में सामने आया कि हादसे वाली कार गैराज मालिक की थी। हरिओम इसी कार से अपने गांव आता-जाता था। शनिवार रात करीब 7:30 बजे वह रोहतक से अपने गांव के लिए निकला था। मृतक के भाई जोगिंद्र सिंह ने बताया कि रात करीब 8:30 बजे हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर हरिओम मृत मिला।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

पुलिस के अनुसार कार तेज रफ्तार में थी। ब्राह्मणवास के पास अचानक दो पहिए निकलने से वाहन बेकाबू हो गया और कई बार पलटने के बाद उसमें आग लग गई। हरिओम ने खिड़की से कूदकर बचने का प्रयास किया, लेकिन सड़क पर गिरने से उसकी जान चली गई।